
सीहोर। बुधनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तालपुरा जोड़ पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना वीभत्स था कि डंपर बाइक पर सवार 4 साल के मासूम को टक्कर मारने के बाद करीब 15 से 20 मीटर तक सडक़ पर घसीटता चला गया, जिससे मासूम के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में मां और एक अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि डंपर के नीचे आने के बाद जाजना निवासी 4 साल का मासूम तनीश कीर करीब 15-20 मीटर तक हाईवे पर बेरहमी से घिसटता चला गया। डंपर के पहियों ने बच्चे के शरीर को बुरी तरह से क्षत विक्षत कर दिया। हाईवे पर दूर दूर तक सिर्फ खून ही खून और मांस के लोथड़े बिखर गए। मासूम तनीश ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
बेटे की लाश के पास बिलखती रही मां
इस हादसे का एक बेहद दर्दनाक वीडियो भी सामने आया है। हादसे में मासूम की मां प्राची कीर का एक पैर बुरी तरह कुचल गया और पैर की उंगलियां तक गायब हो गईं। लेकिन अपने शरीर के असहनीय दर्द को भूलकर वह सडक़ पर पड़ी अपने लाडले के क्षत विक्षत शव को देखकर चीखती-चिल्लाती और रोती-बिलखती रही। खुद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसकी नजरें बार-बार अपने बेटे की ओर जा रही थीं। मौके पर मौजूद लोग उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मां की चीखें थमने का नाम नहीं ले रही थीं।
प्राची-मनीष नर्मदापुरम रेफर
हादसे में बाइक चला रहे परिजन मनीष कीर भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। तालपुरा जोड़ पर मची अफरा तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राची और मनीष की हालत बेहद नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर किया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। हादसे के चलते कुछ देर के लिए हाईवे पर ट्रैफिक भी बाधित रहा।
डंपर जब्त, आरोपी चालक पर मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही बुधनी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। मामले को लेकर बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया तालपुरा जोड़ पर हुए सडक़ हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। डंपर को जब्त कर लिया गया है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।