अरोरा के मार्गदर्शन में शुरू हुई दशहरा पर्व की तैयारियां, कल होगा भूमिपूजन

सीहोर। शहर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल छावनी दशहरा उत्सव को इस वर्ष भी भव्य स्वरूप देने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तथा छावनी दशहरा उत्सव समिति के मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा के मार्गदर्शन में पूरे आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार शाम 5 बजे बाल विहार मैदान पर विधि विधान से भूमि पूजन किया जाएगा।
दशहरा उत्सव समिति के मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा की देखरेख में समिति के अध्यक्ष व समाजसेवी आशीष गेहलोत सहित सभी पदाधिकारियों ने तैयारियों को गति दे दी है। अरोरा के नेतृत्व में आगामी दिनों में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजयदशमी के मुख्य आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा।
साधु-संतों और विप्रजनों की मौजूदगी में होगा भूमि पूजन
मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि बुधवार शाम 5 बजे बाल विहार मैदान पर विप्रजनों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न होगा। इस अवसर पर शहर के प्रमुख साधु-संत, समाजसेवी संगठन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे। भूमि पूजन के साथ ही इस वर्ष के विजयदशमी महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा, जहां उत्सव के निर्विघ्न और शांतिपूर्ण समापन की कामना की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए होंगी विशेष व्यवस्थाएं
हर वर्ष छावनी दशहरा उत्सव में शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए जसपाल सिंह अरोरा और समिति के अध्यक्ष आशीष गेहलोत ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। पदाधिकारियों ने बताया कि विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बुधवार को होने वाले भूमि पूजन और आगामी विजयदशमी उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।

Exit mobile version