रेहटी में कल मनेगा दशहरा, गूंजेगा जय श्रीराम का जयघोष, 45 फीट के रावण का होगा दहन

मंडी प्रांगण में सजेगा दशहरे का भव्य आयोजन, श्रीराम रथयात्रा, बजरंग अखाड़ा और आतिशबाजी रहेंगे मुख्य आकर्षण

सीहोर। रेहटी नगर में विजयादशमी का पर्व मंगलवार 20 अक्टूबर को बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर संपूर्ण नगर में जय श्रीराम का जयघोष गूंजेगा। हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस विशाल दशहरा उत्सव में 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
नवनिर्मित हिंदू उत्सव समिति की युवा टीम के गठन के बाद यह पहला बड़ा सार्वजनिक आयोजन है। समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारियों में पूरी निष्ठा से जुटे हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नगर में धार्मिक उल्लास के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का संदेश देना है।
श्रीराम रथयात्रा और बजरंग अखाड़ा की भव्य शोभायात्रा
आयोजन समिति के अनुसार 20 अक्टूबर की शाम 4.30 बजे हनुमान मंदिर चौक से श्री बजरंग अखाड़े के प्रदर्शन के साथ भगवान श्रीराम की भव्य रथयात्रा रवाना होगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंचेगी और वहां से मंडी प्रांगण में प्रवेश कर संपन्न होगी।
धार्मिक व सामाजिक संगठनों का होगा सम्मान
शाम 6.00 बजे कृषि उपज मंडी प्रांगण में भगवान श्रीराम का रथ और आमंत्रित अतिथि मंच पर आसीन होंगे। इसके बाद नगर में गणेश उत्सव, दुर्गा उत्सव, भंडारे और सामाजिक झांकियां निकालने वाली विभिन्न समितियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
कब क्या होगा
शाम 7.00 बजे भव्य एवं रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक 45 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। रावण दहन के उपरांत शाम 7.30 बजे मंच पर भगवान श्रीराम की भव्य महाआरती की जाएगी, जिसके साथ ही कार्यक्रम का समापन होगा।
नई युवा समिति का पहला बड़ा प्रयास
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल पटेल और मीडिया प्रभारी मुकेश मेहता ने बताया कि नई युवा समिति के गठन के बाद यह पहला बड़ा आयोजन है। समिति की कोशिश है कि दशहरा उत्सव को धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भव्यता के साथ आयोजित किया जाए और इसमें नगर के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो। हिंदू उत्सव समिति ने सभी नगरवासियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

Exit mobile version