रमघड़ा में चल रहे 26वें नवकुण्डात्मक श्रीशिव शक्ति महायज्ञ का समापन, उमड़ा आस्था का सैलाब

रेहटी। सीहोर जिले की रेहटी तहसील के रमघड़ा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रुद्रधाम आश्रम में श्रीश्री 1008 परमानंद परमहंसजी महाराज के संरक्षण एवं श्रीश्री 108 बजरंगगिरिजी महाराज के मार्गदर्शन में 26वें नवकुण्डात्मक श्रीशिव शक्ति महायज्ञ का पुर्णाहूति, भंडारे के साथ समापन हो गया। यह आयोजन 11 फरवरी से प्रारंभ होकर 17 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया। आयोजन का
इस बार 26वां वर्ष था। इस बार आयोजन रामभरोस पंवार बड़नगर वालों की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस महायज्ञ आयोजन में क्षेत्र से ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों एवं अन्य जिलों से भी यजमान यहां पहुंचते हैं। महायज्ञ में लगभग 151 यजमान तथा 200 ब्राह्मण भी शामिल रहे। महायज्ञ के दौरान सवा ग्यारह लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण हुआ। प्रतिदिन उनकी विधिवत पूजन अभिषेकाचार्य पंडित राजूल दुबे सागर द्वारा संपन्न कराई गई। यज्ञाचार्य पं. शिरीष दिनेशचंद्र शर्मा छीपानेर तथा प्रधान यजमान पंडित जीवनलाल शास्त्री रहे। महायज्ञ में पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का श्रवण अंतरराष्ट्रीय वक्ता आचार्य पंडित डॉ. पुष्कर परसाई नर्मदापुरम द्वारा कराया गया। महायज्ञ में सातों दिन क्षेत्र के आसपास के श्रद्धालु भक्तों द्वारा भंडारा कराया गया। अंतिम दिन भी पुर्णाहूति के साथ भंडारा रुद्रधाम यज्ञ समिति द्वारा कराया गया। इस आयोजन में शांति सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन थाना रेहटी का विशेष सहयोग रहा। थाना प्रभारी राजेश कहारे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौजूद रही। महाशिवरात्रि पर भगवान रुद्रधाम की विशेष पूजा अर्चना भी हुई। इस दौरान दिनभर भक्तों का तांता लगा, जो देर रात तक जारी रहा।



