त्योहारों पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं करें दुरुस्त: कलेक्टर
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा के समुचित प्रबंध के आदेश

सीहोर। त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले के सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और कड़े सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी आपसी बेहतर समन्वय के साथ लगातार निगरानी बनाए रखें, ताकि जिले में सभी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सकें।
चल समारोह पर रहेगी विशेष नजर
कलेक्टर बालागुरू के. ने विजयादशमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों और चल समारोहों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जुलूस के तय मार्गों, समय और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पहले से ही पूरी तैयारी कर ली जाए। संवेदनशील इलाकों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और कार्यपालिक अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से पालन करने के लिए कहा गया है।
प्रतिमा विसर्जन घाटों पर रहेंगी पुख्ता व्यवस्थाएं
मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। विसर्जन स्थलों पर हादसों को रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा बल की तैनाती अनिवार्य की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खुद विसर्जन घाटों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लें और जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं तुरंत मुहैया कराएं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।



