
सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव और भव्य कांवड़ यात्रा के दौरान देश-प्रदेश से जुटने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवाजाही को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। आयोजन को सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रदेश की पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं जिला प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने सीहोर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
उन्होंने रेस्ट हाउस एवं कुबेरेश्वर धाम परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समिति के साथ हाई-लेवल समीक्षा बैठक की और व्यवस्थाओं का मौका मुआयना किया।
जीरो-टॉलरेंस नीति पर काम करे पुलिस
बैठक में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर का सबसे ज्यादा फोकस हाईवे और मुख्य पहुंच मार्गों के यातायात प्रबंधन पर रहा। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को निर्देश दिए कि इंदौर-भोपाल हाईवे समेत धाम की ओर आने वाले तमाम रास्तों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति किसी भी कीमत पर निर्मित न हो। वाहनों के पार्किंग स्थलों का स्पष्ट और दूर से दिखने वाला चिन्हांकन किया जाए। अलग-अलग रूट्स से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग जोन तय हों और हाईवे पर प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू किया जाए।
सीवन नदी से धाम तक सजेंगे सेवा केंद्र
प्रभारी मंत्री ने सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा के पूरे मार्ग का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवडिय़ों को राह में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पूरे मार्ग में शुद्ध पेयजल और पर्याप्त लाइट की व्यवस्था रहे। स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार सफाई दल तैनात रहें। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे मेडिकल टीमें, एम्बुलेंस, कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड वाहन अलर्ट मोड पर रहें।
प्रशासन और आयोजक बनाएं बेहतर तालमेल
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने कुबेरेश्वर धाम के संस्थापक पंडित प्रदीप मिश्रा और आयोजन समिति से मुलाकात कर व्यवस्थाओं का खाका साझा किया। उन्होंने कहा कि लाखों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और समिति के वालंटियर्स आपसी समन्वय से काम करें, ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और आध्यात्मिक माहौल मिले।
कलेक्टर और एसपी ने सौंपा रूट मैप
बैठक में कलेक्टर बालगुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने प्रभारी मंत्री को गुरु पूर्णिमा और कांवड़ यात्रा के लिए तैयार किया गया विस्तृत सुरक्षा प्लान, ड्रॉप-गेट और रूट-मैप पेश किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा, पंकज गुप्ता, सुदीप प्रजापति सहित तमाम विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।