
सीहोर। कुबेरेश्वरधाम में ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा के संपन्न होने के बाद भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बारिश के बीच भी आस्था की धारा थमी नहीं है और देशभर से आए श्रद्धालु रोजाना सीवन नदी के तट से जल भरकर कुबेरेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर रहे हैं। विठलेश सेवा समिति के तत्वावधान में बीते एक महीने से चल रहे इस कांवड़ मेले का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा।
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में 28 अगस्त को सुबह 11 बजे बाबा कुबेरेश्वर महादेव का सादगीपूर्ण तरीके से मंगल तिलक महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद मेले का औपचारिक विराम होगा।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा व्यवस्था
धाम पर उमड़ रही भीड़ को देखते हुए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था अनवरत जारी है। बुधवार को समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए 25 क्विंटल खिचड़ी, 10 क्विंटल नुक्ती और नमकीन का भोग लगाकर वितरण किया गया। पंडित विनय मिश्रा और समीर शुक्ला सहित सैकड़ों सेवादारों ने श्रद्धालुओं को प्रसादी बांटी। इसके अलावा जिन श्रद्धालुओं के बैग या पर्स गुम हो गए थे या जिनकी ट्रेन टिकट कंफर्म नहीं हो सकी थी, विठलेश सेवा समिति ने उन्हें आर्थिक सहयोग देकर उनके घर सुरक्षित भिजवाने की व्यवस्था भी की।
आडंबर से दूर रहें, शुद्ध भाव से करें शिव भक्ति
पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा और शिव महापुराण का मूल उद्देश्य सर्वे भवन्तु सुखिन: यानी सभी का कल्याण है। कुबेरेश्वरधाम पर सच्चे और शुद्ध भाव से आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूरी होती है। उन्होंने भक्तों से आडंबर से दूर रहकर निष्काम भाव से भगवान शिव की भक्ति करने का आह्वान किया।
महिलाओं को मिल रहा मायके जैसा अपनापन
धाम पर आई महिला श्रद्धालुओं का कहना है कि पंडित प्रदीप मिश्रा के भजनों और विचारों से प्रेरित होकर वे यहां आती हैं, जहां उन्हें बिल्कुल अपने मायके जैसा अपनापन महसूस होता है। बिहार से आई श्रद्धालु राधे बाई ने बताया कि शिव कथा के प्रभाव से उनके परिवार के सदस्यों ने नशा छोड़ दिया, जिससे घर में सुख-शांति लौट आई है।
सफल संचालन पर कलेक्टर ने दी बधाई
कलेक्टर बालागुरु के. ने 25 अगस्त को सीवान नदी घाट से कुबरेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा के सुरक्षित एवं सफल संचालन पर कावड़ यात्रा में तैनात सभी अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस बल को बधाई दी। उन्होंने यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं में जुटे सभी अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। पुलिस बल द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संभाला गया। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। कलेक्टर ने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से कांवड़ यात्रा सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुई। कलेक्टर ने सभी नागरिकों और कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस बल को उत्कृष्ट कार्य के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी तरह समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।