
सीहोर। जनसेवा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद में नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में शहर के नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी आंखों का नि:शुल्क परीक्षण कराया। दिनभर चले इस आयोजन में 300 से भी अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई, जिसके बाद डॉक्टरों के परामर्श पर 14 जरूरतमंद हितग्राहियों को चश्मों का वितरण भी किया गया।
नगर पालिका द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता को उनके घर के समीप ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और नेत्र संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित करना रहा। शिविर में आए नेत्र विशेषज्ञों ने नागरिकों की आंखों की आधुनिक मशीनों से गहन जांच की और उन्हें आंखों की देखभाल व सुरक्षा के लिए जरूरी परामर्श दिए।
निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं नगर पालिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका का दायित्व केवल सडक़ों, नालियों और शहर के निर्माण कार्यों तक ही सीमित नहीं है। नगर पालिका का असली उद्देश्य नागरिकों की सेवा और उनके स्वास्थ्य तथा कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना है। उन्होंने कहा हमारा निरंतर प्रयास है कि शहर के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों। इसी संकल्प के साथ यह नेत्र शिविर लगाया गया था। 300 से अधिक लोगों का परीक्षण होना और 14 लोगों को चश्मे मिलना इस बात का प्रमाण है कि ऐसे शिविर जनता के लिए कितने उपयोगी हैं। स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और विकसित शहर की असली नींव होते हैं। आगे भी ऐसे जनहितैषी और सेवा से जुड़े शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस सेवा कार्यक्रम के दौरान पार्षद विजेंद्र परमार, संतोष शाक्य, कमलेश राठौर सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहर के आम नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में पहुंचे बुजुर्गों और अन्य नागरिकों ने अपने घर के पास ही आंखों की जांच और नि:शुल्क चश्मे की सुविधा मिलने पर नगर पालिका परिषद और अध्यक्ष प्रिंस राठौर के प्रति आभार व्यक्त किया।