
रेहटी। नगर परिषद रेहटी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आरके यादव 30 सितंबर को अपनी शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर नगर पालिका कार्यालय रेहटी में उनका विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नगर परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, एल्डरमैन सहित नगर के प्रबुद्धजनों ने उन्हें विदाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। आरके यादव की सेवानिवृत्ति पर रिक्त हुए पद पर जगदीश प्रसाद चौहान को नया सीएमओ पदस्थ किया गया है। जगदीश प्रसाद चौहान रेहटी नगर परिषद में ही पदस्थ थे एवं 12 जुलाई 2026 को उनका प्रमोशन भी हो गया। अब उन्हें रेहटी नगर परिषद का मुख्य नगर पालिका अधिकारी पदस्थ किया गया है। विदाई समारोह के अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल ने कहा कि आरके यादव ने सीएमओ की जिम्मेदारी बेहद ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निभाई। उनका कार्यकाल बेहद शानदार एवं यादगार रहा। वे नगर परिषद रेहटी में सीएमओ बनने से पहले भी पदस्थ रहे एवं उस दौरान भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया।
सांची, जावर सहित कई स्थानों पर रही पदस्थापना-
नगर परिषद रेहटी में सीएमओ पद से सेवानिवृत्त हुए आरके यादव वर्ष 1999 में सेवा में आए। उनकी पहली पदस्थापना बुधनी नगर परिषद में रहीं। इसके बाद वे सीहोर जिले के जावर सहित देवास जिले के सतवास एवं विदिशा जिले के सांची में भी पदस्थ रहे। वे पिछले करीब 2 वर्षों से रेहटी नगर परिषद में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब 30 सितंबर को उनकी सेवानिवृत्ति हो गई।