
सीहोर। जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। उपार्जन केंद्रों पर होने वाली भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने और किसानों को सुविधा देने के लिए प्रशासन ने स्लॉट बुकिंग व्यवस्था में बड़ा संशोधन किया है। अब जिन किसानों ने उपज बेचने के लिए पहले से ही किसी केंद्र पर स्लॉट बुक कर लिया है, लेकिन किसी कारणवश अपना उपार्जन केंद्र बदलना चाहते हैं, वे इसे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बदल सकते हैं। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केंद्र बदलने की यह सुविधा किसानों को केवल एक ही बार मिलेगी।
कृषि विभाग के अनुसारए यदि कोई किसान अपना केंद्र बदलना चाहता है तो उसे सबसे पहले पोर्टल पर उपलब्ध स्लॉट बुकिंग विंडो में जाना होगा। वहां पहले से बुक किए गए पुराने स्लॉट को डिलीट करना होगा। पुराना स्लॉट डिलीट होते ही किसान अपनी सुविधानुसार नए उपार्जन केंद्र का चयन कर दोबारा स्लॉट बुक कर सकेंगे।
दूसरी बार नहीं मिलेगा मौका
कृषि उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने इस व्यवस्था की शर्तों के बारे में जानकारी देते हुए किसानों को आगाह किया है। उन्होंने बताया कि किसान अपने पहले से बुक किए गए स्लॉट को केवल एक बार ही डिलीट कर नया केंद्र चुन सकते हैं। यदि कोई किसान जाने-अनजाने में दूसरी बार अपने स्लॉट को डिलीट कर देता है तो प्रणाली में उसे दोबारा स्लॉट बुक करने की सुविधा नहीं मिलेगी। इसलिए किसानों को यह फैसला बहुत सावधानी से लेना होगा।
तय समय पर ही पहुंचे केंद्र
विभाग ने जिले के सभी किसानों से आग्रह किया है कि वे उपार्जन केंद्रों पर अनावश्यक रूप से इक_ा होने से बचें। किसान केवल अपने द्वारा बुक किए गए स्लॉट की निर्धारित तिथि और समय पर ही उपज बेचने के लिए संबंधित केंद्र पर पहुंचे, ताकि पूरी खरीद प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके।