सीहोर में आज किसानों की हुंकार, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट घेरने निकलेगी कांग्रेस

सीहोर। गेहूं खरीदी में हो रही देरी और किसानों की समस्याओं को लेकर आज जिले में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी आज गुरुवार 9 अप्रैल को एक बड़ा आंदोलन करने जा रही है। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सीहोर पहुंच रहे हैं।
जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में आज सुबह 11 बजे बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिले भर के किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। यहां से नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की मौजूदगी में एक विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख रास्तों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता वहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।
दिग्गज नेताओं का जमावड़ा
आज के इस आंदोलन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान, जिला प्रभारी श्रीमती जयश्री हरिकिरण, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल सहित अनेक नेता शामिल होंगे।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्य रूप से गेहूं खरीदी में हो रही देरी, केंद्रों पर अव्यवस्था और किसानों पर बढ़ते आर्थिक बोझ के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं, जिससे आम किसान हताश है।
किसानों से जु?ने की अपील
जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिले के सभी किसानों, आम नागरिकों और कांग्रेस के सभी विभागों युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में आज इस न्याय की लड़ाई में शामिल हों और किसानों के हक की आवाज बुलंद करें।



