Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

वित्त आयोग के सदस्य एएन झा ने बुधनी सिविल अस्पताल का किया निरीक्षण

- भ्रमण के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने दी विस्तार से जानकारी

बुधनी। 16वें वित्त आयोग के सदस्य एएन झा ने वित्त आयोग द्वारा प्रदान की गई राशि के उपयोग की उपयोगिता और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन करने के उद्देश्य से सीहोर जिले के बुधनी सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री झा ने यूनिट में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति, मशीनों की कार्य स्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहन अध्ययन किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वित्त आयोग की निधि से किए गए कार्यों की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि स्वीकृत राशि का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता के साथ जनहित में किया जाए। कलेक्टर बालागुरू के. ने वित्त आयोग के सदस्य झा को बुधनी के ब्लॉक पब्लिक हेल्थ युनिट की कार्यप्रणाली, वर्तमान सुविधाएं तथा सेवाओं के साथ ही उपलब्ध संसाधनों और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। श्री झा ने चिकित्सकों एंव केंद्र के स्टाफ से संवाद भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, प्रसूति वार्ड, ओपीडी, पैथोलॉजी लैब और औषधि वितरण केंद्र का भी जायजा लिया। श्री झा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए वित्त आयोग द्वारा निरंतर सहायता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
बुधनी के सिविल अस्पताल के निरीक्षण से पहले श्री झा ने बांद्राभान नर्मदा घाट तथा बुधनी नर्मदा घाट पहुंचकर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की तथा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं से चर्चा की। श्री झा ने बुधनी के खिलौना केंद्र में लकड़ी के खिलौनों का अवलोकन भी किया तथा खिलौनों के निर्माण और विक्रय के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि बुधनी के लकड़ी के खिलौनों पूरे देशभर में प्रसिद्ध हैं। यह दुधी लकड़ी से बनाए जाते हैं और यह लकड़ी केवल बुधनी के जंगलों में ही पाई जाती है। बुधनी के लकड़ी के खिलौने सीहोर जिले के एक जिला एक उत्पाद योजना में शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन, एसडीएम दिनेश तोमर, सीएमएचओ सुधीर डेहरिया, जनपद सीईओ देवेश सराठे सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button