जहर खाकर आत्महत्या मामले में पांच पर एफआईआर, आरोपी फरार

- गोपालपुर थाना पुलिस ने पत्नी सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

सीहोर। जिले की रेहटी और गोपालपुर थाना पुलिस ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। रेहटी पुलिस ने जहां पांच आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है तो वहीं गोपालपुर थाना पुलिस ने पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भिजवा दिया है। रेहटी पुलिस की गिरफ्त से आरोपी अभी दूर हैं।
जानकारी के अनुसार रेहटी थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कोठरा पिपलिया निवासी सुमेर सिंह उर्फ पप्पू पंवार पिता अमर सिंह पंवार आयु करीब 36 वर्ष के मामले में रेहटी थाना पुलिस ने एफआईआर करते हुए पांच लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस ने एफआईआर में महेंद्र पटेल, जगदीश चैहान, बलराम पटेल, इंद्रकुमार प्रजापति और रामबाबू पटेल के नाम शामिल किए हैं। हालांकि पुलिस अब भी आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। आरोपियों की तलाश के लिए एसपी सोनाक्षी सक्सेना एवं एएसपी डॉ प्रशांत चैबे के निर्देश, बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन व रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 108, मप्र ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 धारा 3, धारा 4 लगाई है।
युवक ने मौत से पहले बनाया था वीडियो-

कोठरा पिपलिया निवासी सुमेर सिंह पंवार ने 23 जुलाई को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले उसने एक वीडियो बनाया था, जिसमें महेंद्र पटेल, जगदीश चैहान, बलराम पटेल, इंद्रकुमार प्रजापति और रामबाबू पटेल पर सूदखोरी के आरोप लगाए थे। युवक ने महेंद्र पटेल पिता भगवान सिंह पटेल गोंडीगुराड़िया का नाम लेकर उस पर जमीन बिकवाने के बाद पैसे नहीं देने के आरोप भी लगाए हैं। युवक ने वीडियो में यह भी कहा था कि महेंद्र पटेल एवं जगदीश चैहान से 25-25 लाख रूपए लेने हैं, जबकि 6-6 लाख रूपए बलराम पटेल एवं इंद्रकुमार प्रजापति से लेने की बात कही है। युवक सुमेर सिंह ने वीडियो में कहा था कि बलराम पटेल से 35 हजार रूपए लिए थे और उसको अब तक 4 लाख रूपए दे चुका है, उसके बाद भी उसने धमकी दी है। वीडियो बनाने के बाद युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।
परिजनों ने किया था थाने का घेराव-
इस मामले को लेकर सुमेर सिंह पंवार के परिजनों ने रेहटी थाने का घेराव किया था। इस दौरान पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में भैरूंदा थाना पुलिस ने जीरो पर कायमी करके रेहटी थाने में केस भेजा था। दरअसल युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के बाद परिजन उसे भैरूंदा स्थित निजी अस्पताल में लेकर गए थे, जहां पर युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद भैरूंदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। रेहटी थाने में मामले में लेटलतीफी के चलते परिजनों ने रेहटी थाने का घेराव भी किया था और चेतावनी दी थी कि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।
एफआईआर हो गई, लेकिन आरोप गिरफ्त से बाहर-
रेहटी थाने में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज हो चुकी है, लेकिन अब तक सभी पांचों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इस मामले में पुलिस ने फरियादी पक्ष के साथ ही आरोपियों को भी बयान दर्ज कराने के लिए थाने में बुलाया था। बताया जा रहा है कि आरोपी तो थाने में नहीं पहुंचे थे, लेकिन उनके परिजन बयान के लिए थाने में पहुंचे थे। हालांकि परिजनों के बयान नहीं लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गोपालपुर थाना पुलिस ने पत्नी सहित तीन को किया गिरफ्तार-
इधर सीहोर जिले के थाना गोपालपुर अंतर्गत आने वाले ग्राम किशनपुर निवासी मृतक मनीष पंवार ने खुदकुशी करने से पहले एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में उसने कीर्तन यादव, अपनी पत्नी अंकिता पंवार, संध्या यादव और राहुल पारले पर लगातार परेशान करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश एवं एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना गोपालपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच में अड़ीबाजी और उकसाने का मामला आया था। मृतक द्वारा मरने से ठीक पहले बनाए गए वीडियो और मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इनका कहना है-
कोठरा निवासी सुमेर सिंह पंवार द्वारा आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया गया था, जिसमें उसने पांच लोगों के नाम बताए थे। इस मामले मे ंरेहटी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है एवं आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम तैनात की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
– रवि शर्मा, एसडीओपी बुधनी, जिला-सीहोर

Exit mobile version