गांधी-शास्त्री जयंती: चला स्वच्छता अभियान, किया श्रमदान

सीहोर। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सीहोर जिलेभर में जगह-जगह कार्यक्रम हुए। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाया गया, श्रमदान किया गया तो वहीं कई अन्य आयोजन भी हुए। इस दौरान कांग्रेसियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को नमन किया।
जिला मुख्यालय पर नगर पालिका द्वारा महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और सफाई मित्रों का सम्मान किया। कार्यक्रम में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में आम नागरिकों से भी स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल नगर पालिका के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से बनता है।
रेहटी महाविद्यालय में हुआ श्रमदान-
शासकीय महाविद्यालय रेहटी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा 2 अक्टूबर गांधी एवं शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य में प्राचार्य मनोज राठौर के संरक्षण में स्वैच्छिक श्रमदान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में गाजर घास उन्मूलन एवं पॉलीथिन मुक्त परिसर अभियान चलाया गया, जिसमें नवीन स्वयंसेवकों द्वारा परिसर के आसपास की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति अन्य विधार्थियों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी राजाराम रावते द्वारा स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों को संदेश दिया गया। उक्त कार्यक्रम रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ पुनीत कुमार मालवी के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर डॉ दीपक रजने, मनोज वर्मा, डॉ मनमोहन द्विवेदी, डॉ अरविंद अहिरवार, डॉ पुनम सोनी, डॉ पारस बेले सहित स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
सर्वधर्म सभा में किया नमन –
 सर्वधर्म सभा में किया नमन –
महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर पालिका सीहोर और प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शहर के तहसील चौराहे पर सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना पाठ किया। विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से आपसी भाईचारे, शांति, सद्भाव और कौमी एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद जोशी ने किया। इस अवसर पर संगीतक महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत एवं भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
कांग्रेस ने किया महापुरुषों को नमन, गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा-
महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्थानीय गांधी पार्क में जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीहोर के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात कांग्रेसजनों एवं उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से महात्मा गांधी के प्रिय भजनों के साथ रामधुन का गायन किया। रामधुन की मधुर स्वर-लहरियों से गांधी पार्क परिसर भक्तिमय एवं देशभक्ति के वातावरण से सराबोर हो गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी और जय जवान, जय किसान के उद्घोष के माध्यम से देश के जवानों और किसानों में आत्मविश्वास एवं सम्मान की भावना को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। समाज में समरसता, शांति और राष्ट्र की प्रगति के लिए उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
चलाया स्वच्छता अभियान, किया याद-
रेहटी में नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल के नेतृत्व में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में गांधी एवं शास्त्री को याद किया गया। इस दौरान उनके चित्रों पर माल्यार्पण भी किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को सभी आत्मसात करें। आयोजन में नगर परिषद उपाध्यक्ष अर्चना राजीव शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी, पार्षदगण, मनोहरलाल माहेश्वरी, सीएमओ जगदीश प्रसाद चौहान, पूर्व सीएमओ आरके यादव, राजेश राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version