बुधनी विधानसभा में बढ़ता गैंगवार, असुरक्षा के साये में जीवन, कांग्रेस ने साधा निशाना
लगातार बढ़ रही घटनाएं, सख्त कार्रवाई की मांग
सीहोर। जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ता गैंगवार और अवैध गतिविधियों ने जहां पुलिस प्रशासन के लिए नई चुनौतियां बढ़ा दीं है तो वहीं आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। पहले जहां रेहटी नगर में दो भाइयों के आपसी विवाद में गैंगवार की घटना हुए थी। बाहर से आए बदमाशों ने खुलेआम आतंक मचाया था। अब रेहटी तहसील के ग्राम गांजीत में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां भी बाहर से आए कुछ लोगों ने एक घर पर हमला बोला है। कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग लाठियां लिए हुए नजर आ रहे हैं। एक युवक अर्धनग्न अवस्था में दिखाई दे रहा है, जिसे कुछ लोग पकड़कर ले जा रहे हैं। फिलहाल मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है। इधर कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ने इस घटना पर निशाना साधा है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि अपराधियों को सजा हो।
लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियां –
सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा में लगातार अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं। यूं तो अवैध गतिविधियों को लेकर क्षेत्र पहले से ही सुर्खियों में रहता है, लेकिन अब यह अवैध गतिविधियां गैंगवार जैसी घटनाओं की साक्षी बन गई है। बुधनी विधानसभा में जहां अवैध खनन, अवैध शराब, अवैध कॉलोनियां जुआ, सट्टा सहित तमाम अन्य गतिविधियों भी जमकर चल रही है। अब जिले की नई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना से उम्मीदें हैं कि वह इन अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करेंगी और इन पर लगाम भी लगाएंगी।
ग्रामीणों के घरों पर हमला एवं गाड़ियों में तोड़फोड़ बेहद दुर्भाग्यपूर्ण : विक्रम मस्ताल शर्मा
कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ने कहा कि बुधनी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम गांजीत में रेत माफियाओं द्वारा ग्रामीणों के घरों पर हमला करना, महिलाओं एवं परिवारों में भय का वातावरण बनाना तथा ग्रामीणों की गाड़ियों में तोड़फोड़ करना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक घटना है। जिस बुधनी विधानसभा को कभी शांति, सौहार्द और भाईचारे का क्षेत्र माना जाता था, आज वही क्षेत्र माफियाओं के आतंक का केंद्र बनता जा रहा है। यह बेहद दुखद है कि खुलेआम अवैध माफिया ग्रामीणों को डराने-धमकाने का कार्य कर रहे हैं। आम जनता अपने ही गांव में असुरक्षित महसूस कर रही है। यदि ग्रामीण अपने हक और सुरक्षा की बात करें तो उन पर हमला किया जाता है, उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन को तत्काल कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। दोषियों पर सख्त धाराओं में मामला दर्ज हो तथा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और माफियाओं के नेटवर्क पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा तो बुधनी विधानसभा की शांति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। जनता भय और आतंक के साए में जीवन जीने को मजबूर हो जाएगी। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं प्रदेश सरकार से मांग है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो तथा अवैध माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। विक्रम मस्ताल शर्मा ने कहा कि बुधनी की पहचान शांति, विकास और भाईचारे से रही है, इसे माफियाओं के आतंक का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।



