गल्र्स कॉलेज के प्रोफेसर पर छात्रा से अभद्रता का आरोप, एबीवीपी ने सीएसपी को सौंपा ज्ञापन
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग, अभाविप ने दी चेतावनी, कार्रवाई न हुई तो होगा उग्र आंदोलन

सीहोर। शहर के शासकीय महिला महाविद्यालय गल्र्स कॉलेज में एक प्रोफेसर द्वारा छात्रा के साथ कथित तौर पर किए गए दुव्र्यवहार और अभद्रता का मामला गरमाता जा रहा है। इस घटना के विरोध में गुरुवार 26 मार्च को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और आरोपी प्रोफेसर पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अभाविप के नगर मंत्री खुशहाल मोटवानी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कॉलेज में अध्ययनरत एक छात्रा के साथ महाविद्यालय के ही एक प्रोफेसर द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। संगठन को इस गंभीर घटना की जानकारी पीडि़त छात्राओं और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। परिषद का कहना है कि शैक्षणिक संस्थान में इस तरह की घटना छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है।
प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपते समय छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि इस मामले में तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद सडक़ों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में होने वाले किसी भी विरोध प्रदर्शन की संपूर्ण जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की होगी।
ये कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस दौरान मुख्य रूप से नगर मंत्री खुशहाल मोटवानी, जिला संयोजक विष्णु ठाकुर, पलक यादव, आदि शर्मा, चंचल राजपूत, नागेश बैरागी, लक्ष्य समदिया, मयंक चंदेल, गौतम देशराज, हर्षित बिछोला, शिवम राजपूत, वरुण कुशवाहा, राहुल, सौरभ, यश भिलाला सहित नगर कार्यकारिणी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



