
सीहोर। आगामी 15 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली भव्य चुनरी यात्रा को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्साह का माहौल है। माता रानी के जयकारों के साथ यात्रा की तैयारियां तेजी से जारी हैं।
शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें माता-बहनें और युवा बड़ी संख्या में बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हैं। यह चुनरी यात्रा करौली वाली माता मंदिर से प्रारंभ होकर कस्बा स्थित इलाही माता मंदिर पहुंचेगी, जहां 121 मीटर लंबी चुनरी माता रानी के चरणों में अर्पित कर यात्रा का विधिवत समापन होगा।
सनातन संस्कृति और हमारी आस्था का प्रतीक
चुनरी यात्रा की व्यवस्थाओं और बैठकों की अगुवाई करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने श्रद्धालुओं व शहरवासियों से संवाद किया। नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि यह चुनरी यात्रा केवल एक सामान्य धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि हमारी आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। जिस प्रकार शहर की महिलाओं और युवाओं में चुनरी यात्रा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह दिख रहा है, वह इस आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगा।
प्रिंस राठौर ने कहा कि मान्यता है कि सच्चे मन और श्रद्धा से माता रानी के दरबार में पहुंचकर प्रार्थना करने वाले सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने सभी सीहोर वासियों, माता-बहनों और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे 15 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर 121 मीटर लंबी चुनरी यात्रा का हिस्सा बनें और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें।
रूट, व्यवस्था पर चर्चा
चुनरी यात्रा को सुगम और भव्य बनाने के लिए अलग-अलग वार्डों और क्षेत्रों में लगातार बैठकें की जा रही हैं। बैठकों में यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं के स्वागत, जल व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है। जगह-जगह हो रहे भजनों और जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय नजर आ रहा है। 15 अक्टूबर को निकलने वाली इस विशाल यात्रा में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमडऩे की संभावना है।