शिवरात्रि पर महाअनुष्ठान, पं. प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर अमेरिका-आस्ट्रेलिया भी हुए शिवमय

सीहोर। पुरुषोत्तम मास की पावन शिवरात्रि पर कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज के आह्वान पर देश और दुनिया में आस्था का ऐसा महासागर उमड़ा कि पूरा विश्व शिवमय हो गया। कुबेरेश्वर धाम समिति प्रवक्ता मनोज दीक्षित के अनुसार सनातन धर्म के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए इस दिव्य अनुष्ठान में भारत सहित विश्वभर के 81 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों, मंदिरों और शिवालयों में एक साथ भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन किया।
कुबेरेश्वर धाम पर भी इस पावन अवसर पर अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। धाम पर करीब 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ सामूहिक रूप से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहकर पूर्ण विधि-विधान के साथ महाभिषेक किया। पंडालों में बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर सीधा प्रसारण किया जा रहा था। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला ने यहां मौजूद प्रबुद्ध विप्रजनों के मार्गदर्शन में हजारों श्रद्धालुओं के साथ भगवान शिव का पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं अभिषेक संपन्न कराया।
वैश्विक स्तर पर टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि इस वर्ष शिव भक्ति का एक नया रिकॉर्ड बना है। इस दिव्य अनुष्ठान में 81 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की। भारत के अलावा अमेरिका, रूस, जापान, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दुबई, नेपाल और मॉरीशस जैसे अनेक देशों में भक्तों ने एक ही समय पर भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की। गौरतलब है कि गत वर्ष यह संख्या 79 करोड़ थी, जो इस वर्ष बढक़र 81 करोड़ के पार पहुंच गई, जो सनातन संस्कृति के प्रति बढ़ती अटूट आस्था का प्रमाण है।
उत्तर प्रदेश के बलिया से पं. मिश्रा ने दिया संदेश
वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बलिया से कथा कर रहे पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज ने इस महाअनुष्ठान के अवसर पर विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष संदेश प्रसारित किया। उन्होंने कहा किए भगवान शिव की भक्ति मानव जीवन को सकारात्मक ऊर्जा, शांति और आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करती है। उनके इसी आह्वान का असर था कि लाखों परिवारों ने अपने घरों में मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग निर्मित कर पूरे विधि-विधान से महाभिषेक किया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में दिखा उत्साह
पुरुषोत्तम मास की शिवरात्रि पर सुबह से ही चारों तरफ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष सुनाई देने लगे थे। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ इस अनुष्ठान में भाग लिया। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर भी दिनभर श्रद्धालुओं द्वारा किए जा रहे महाभिषेक के चित्र एवं वीडियो छाए रहे, जिससे पूरा डिजिटल संसार भी शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Exit mobile version