कुबेरेश्वर धाम में आज मनेगी ग्रीन शिवरात्रि, स्केल डिस्टेंस पद्धति से महकेगा ज्योतिर्लिंग गार्डन

सीहोर। विठलेश सेवा समिति के तत्वाधान में श्री कुबेरेश्वर धाम पर सात दिवसीय भव्य रुद्राक्ष महोत्सव का मंगलमय शुभारंभ शनिवार को हुआ। महोत्सव के दूसरे दिन आज ग्रीन शिवरात्रि का विशेष आयोजन किया जा रहा है, जो पर्यावरण संरक्षण और भक्ति का एक अनूठा संगम बनेगा।
इस वर्ष महोत्सव की मुख्य थीम पर्यावरण को समर्पित है। धाम परिसर में ज्योतिर्लिंग गार्डन विकसित किया जा रहा है, जो स्केल डिस्टेंस पद्धति पर आधारित है। यहां भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों के प्रतीक स्वरूप 12 विशेष पौधे रोपे जाएंगे। इन पौधों को कुबेरेश्वर धाम से उनकी वास्तविक भौगोलिक दूरी के अनुपात में लगाया जाएगा। जैसे उज्जैन के महाकालेश्वर 127 किमी और रामेश्वरम 1557 किमी की दूरी को ध्यान में रखकर इनका स्थान निर्धारित किया गया है। यह प्रयोग श्रद्धालुओं को प्रकृति के करीब लाने और वृक्षारोपण का संदेश देने के लिए किया जा रहा है।



