रेहटी-मंडी थाना पुलिस की कार्रवाई में 1 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

सीहोर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पूरे जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत सीहोर पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। जिले के रेहटी और थाना मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा बेच रहे दो तस्करों को रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 1 किलो 124 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है।
रेहटी पुलिस ने जब्त किया 390 ग्राम गांजा
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में रेहटी थाना पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक हिमलेन्द्र पटेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरखेड़ा में अवैध रूप से गांजा बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत योजना बनाई और 28 अक्टूबर को दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी कृपाराम पुत्र मदनलाल वाल्मीक निवासी ग्राम बरखेड़ा थाना रेहटी के कब्जे से 390 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3500 रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

मंडी पुलिस 734 ग्राम गांजे के साथ आरोपी दबोचा
उधर जिला मुख्यालय के थाना मंडी क्षेत्र में भी पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। 28 अक्टूबर को थाना मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चौपाल सागर, रफीकगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर के बाहर अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए बैठा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे हरे रंग के झोले से पारदर्शी पन्नी में गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर यह कुल 734 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा विधिवत जब्त कर आरोपी महेश कुमार निवासी चौपाल सागर रफीकगंज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी विवेचना की जा रही है। जिले में रेहटी और मंडी थाना पुलिस की इन बैक-टू-बैक कार्रवाइयों से अवैध मादक पदार्थों का धंधा करने वालों में भारी हडक़ंप मच गया है।

Exit mobile version