
सीहोर। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सीहोर वृत्त अंतर्गत कंपनी की चेकिंग टीम के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में थाना कोतवाली सीहोर में 2 व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री जोन-2 सीहोर विशाल मालवीय ने बताया कि विद्युत कंपनी की टीम जांच के लिए कंजर चौराहा (मोसा की होटल के पास) सीहोर पहुंची थी। चेकिंग टीम द्वारा उपभोक्ता कनेक्शन क्रमांक 2154022807 की सर्विस केबल की जांच की जा रही थी, जिस पर पूर्व में भी मीटर से छेड़छाड़ का प्रकरण बनाया जा चुका है। इसी दौरान मौके पर उपस्थित पिंकी राठौर एवं उनके पति रितेश राठौर द्वारा विद्युत कंपनी की टीम के साथ अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज की गई। आरोपितों द्वारा विभागीय कर्मचारियों लाइन स्टाफ राहुल चौहान एवं राजस्व वसूली कर्मचारी किरण लोधी को अपमानित करते हुए जानबूझकर उनके ऊपर पैसे फेंके गए तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। कंपनी के कनिष्ठ यंत्री विशाल मालवीय की लिखित शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली सीहोर में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 132, 296(बी) एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में रितेश राठौर एवं पिंकी राठौर, निवासी कंजर चौराहा (मोसा की होटल के पास) सीहोर को नामजद किया गया है।
मैदानी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार पर कंपनी का सख्त रुख-
मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार अथवा शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। कंपनी ने सभी नियंत्रणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसी घटनाओं में तत्काल पुलिस को सूचना देकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। कंपनी ने मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी कहा है कि किसी भी अप्रिय स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस से आवश्यक सहयोग प्राप्त करें। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि विद्युत चोरी एवं अनधिकृत विद्युत उपयोग से दूर रहें तथा विद्युत जांच एवं विभागीय कार्यवाही में सहयोग करें।