उच्च शिक्षा आयुक्त पहुंचे रेहटी महाविद्यालय, सभी ने की प्राचार्य मनोज राठौर की शिकायत, दी समझाईश

- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को मैदान में उतरते हैं अधिकारी, एसडीएम बुधनी को दिए जांच के निर्देश

सीहोर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को सभी अधिकारियों को मैदान में जाने के निर्देश हैं। इसी कड़ी में उच्च शिक्षा विभाग के कमिश्नर एवं आईएएस अधिकारी प्रबल सिपाहा सीहोर जिले के शासकीय महाविद्यालय रेहटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कॉलेज का निरीक्षण किया, वहां की व्यवस्थाएं देखीं तो प्राचार्य सहित समस्त स्टॉफ से भी चर्चा की। आयुक्त प्रबल सिपाहा ने सभी कक्षाओं में भी पहुंचकर वहां अध्यापन कार्य करा रहे अतिथि विद्वानों, प्रोफेसरों से भी चर्चा की। इस दौरान सभी ने प्राचार्य मनोज राठौर को लेकर शिकायतें की हैं। प्रोफेसर, अतिथि विद्वान, छात्र-छात्राओं ने उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा को बताया है कि कॉलेज में प्राचार्य मनमानी पर उतारू हैं। उन्होंने यहां की सभी व्यवस्थाएं तितर-बितर कर दी है। आए दिन अतिथि विद्वानों सहित स्टॉफ को किसी भी बात पर नोटिस थमा दिया जाता है। यहां पर पढ़ाई का माहौल ही खत्म हो गया है। स्थिति यह थी कि जब आयुक्त ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं सफाई कर्मियों से पूछा तो उन्होंने भी प्राचार्य मनोज राठौर को लेकर शिकायतें की। इस पर आयुक्त श्री सिपाहा ने प्राचार्य को समझाईश दी है एवं कॉलेज के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष व बुधनी एसडीएम संजीव कुमार नागू को जांच के निर्देश दिए हैं।
जिले की रेहटी तहसील मुख्यालय स्थित शासकीय महाविद्यालय इस समय चर्चाओं में हैं। दरअसल महाविद्यालय जंग का मैदान बना हुआ है। यहां पर प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर के साथ ही सहायक ग्रेड-3 (बाबू) सुजीत राठौर पर लगातार मनमानी के आरोप लग रहे हैं। वे आए दिन यहां के प्रोफेसरों, अतिथि विद्वानों सहित अन्य स्टॉफ को परेशान करते हैं। यह मामला उच्च अधिकारियों तक भी पहुंचा है। अब उच्च शिक्षा आयुक्त ने भ्रमण करके स्थितियां भी देखी हैं।
अभाविप के पूर्व पदाधिकारियों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी-
उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा से यहां के छात्र-छात्राओं ने भी शिकायतें की हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं कॉलेज के पूर्व छात्र सन्नी चौहान सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी उच्च शिक्षा आयुक्त से प्राचार्य की शिकायत की है। साथ ही उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी भी दी है। यहां बता दें कि पिछले दिनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एव्हीबीपी) के पूर्व पदाधिकारियों के साथ ही छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के प्राचार्य को लेकर एक शिकायती पत्र भी दिया है। इसके बाद प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर द्वारा कार्यकर्ताओं एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को जेल भिजवाने एवं झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने की बात भी सामने आई थी। यह मामला उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद शिवराज सिंह चौहान, क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव के भी संज्ञान में हैं। शिकायती पत्र में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर, सहायक ग्रेड-3 (बाबू) सुजीत राठौर सहित आउटसोर्स कर्मचारी पर मनमानी एवं दुव्यर्वहार सहित अनियमितताओं के भी आरोप लगाए गए थे।
इनका कहना है-
रेहटी महाविद्यालय में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखी हैं। इस दौरान प्राचार्य सहित समस्त स्टॉफ से भी चर्चा की है। शिकायतें मिली हैं। प्राचार्य एवं समस्त स्टॉफ को समझाईश दी गई है कि वे कॉलेज का माहौल बेहतर रखें। एसडीएम जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष हैं, उनको भी कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए गए हैं। कॉलेज में बेहतर पढ़ाई का माहौल रहे, इसके लिए व्यवस्थाएं बेहतर की जाएंगी।
– प्रबल सिपाहा, आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग, मप्र शासन

रेहटी महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया गया है। महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर जो निर्देश मिले हैं उन पर जल्द ही एक्शन लिया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही निरीक्षण करके व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
– संजीव कुमार नागू, एसडीएम बुधनी एवं अध्यक्ष जनभागीदारी समिति

Exit mobile version