मुख्यमंत्री जन विश्वास: सीहोर पहुंचकर अफसरों ने किया जमीनी दौरा, निभाई जिम्मेदारी

उद्यानिकी के कार्यों को मिली वाहवाही, अस्पताल और कॉलेज में नजर आई लचर व्यवस्था

सीहोर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों को निर्देश हैं कि वे प्रत्येक शुक्रवार को मैदान में जाएं, जमीनी दौरा करें और अपने-अपने विभागों की योजनाओं सहित कार्यों की समीक्षा करें। इस निर्देश के पालन में अधिकारियों को सीहोर जिला सबसे ज्यादा पसंद आया है। दरअसल राजधानी के करीब होने के कारण सीहोर जिले में पहुंचकर जहां अधिकारी विभागों के कार्यों को देख रहे हैं तो वहीं वे अपनी जिम्मेदारी भी पूरी करते हुए नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उद्यानिकी, विभाग, चिकित्सा विभाग सहित उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त सीहोर जिले में अलग-अलग भ्रमण करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली देखी। भ्रमण के दौरान उद्यानिकी विभाग के कार्यों एवं नवाचारों को जमकर सराहा गया तो वहीं सीहोर जिला चिकित्सालय में व्यवस्था लचर नजर आई।

उद्यानिकी आयुक्त ने किया उद्यानिकी योजनाओं एवं नवाचारों का निरीक्षण
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के आयुक्त सौरभ कुमार सुमन ने जिले में संचालित उद्यानिकी योजनाओं एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत लाभान्वित ग्राम कुलासकला के उद्यमी गजराज वर्मा की कच्ची घानी तेल इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई में तेल उत्पादन प्रक्रियाए उत्पादों की गुणवत्ता की जानकारी ली। इसके पश्चात ग्राम टिटोरा के कृषक संजय शर्मा के प्रक्षेत्र का भ्रमण कर शेडनेट हाउस में गुलाब एवं पॉलीहाउस में जरबेरा पुष्प की खेती का अवलोकन किया। आयुक्त ने संरक्षित खेती की तकनीक, उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कृषक के प्रयासों की सराहना की। इसी क्रम में कृषक संतोष कुशवाहा के खेत पर फूलगोभी की खेती एवं सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों से होने वाले आर्थिक लाभों पर भी चर्चा की गई। आयुक्त ने जिले में उद्यानिकी योजनाओं के माध्यम से किसानों एवं उद्यमियों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए उद्यानिकी गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक उद्यान जगदीश सिंह मुझाल्दा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य आयुक्त ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण
स्वास्थ्य आयुक्त धनराज एस. ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य आयुक्त ने अस्पताल में संचालित एचएमआईएस पोर्टल, ऑनलाइन पंजीयन, मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड एवं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन दिए। स्वास्थ्य आयुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। साथ ही डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, तकनीकी नवाचार एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की। मरीजों की बढ़ती संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए चिकित्सालय के विस्तार की जरूरत भी बताई गई। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉण् सुधीर कुमार डेहरिया, सिविल सर्जन डॉ. उमेश कुमार श्रीवास्तव सहित जिला चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version