72 लाख के कॉपर वायर लूट-हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने वाले टीआई गिरीश दुबे भोपाल में डीजीपी से सम्मानित

सीहोर। चालक की हत्या कर 72 लाख रुपये के कॉपर वायर लूटकांड का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाने वाले वर्तमान कोतवाली टीआई और तत्कालीन आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे को भोपाल में सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक ने गिरीश दुबे और तत्कालीन पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा सहित सात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इंदौर-आष्टा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए इस ब्लाइंड मर्डर व बड़ी लूट की गुत्थी सुलझाने और पूरा माल बरामद करने में गिरीश दुबे की कार्यशैली को सराहा गया।
बता दें इस ब्लाइंड मर्डर और 72 लाख की बड़ी लूट की गुत्थी सुलझाने में तत्कालीन आष्टा टीआई गिरीश दुबे की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। वारदात की गंभीरता को देखते हुए टीआई गिरीश दुबे और पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला था। तकनीक, मुखबिर तंत्र और इंदौर से आष्टा के बीच लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने सटीक घेराबंदी की और लुटेरों को दबोचते हुए 72 लाख रुपये का पूरा माल बरामद करने में सफलता हासिल की थी। इसी उत्कृष्ट कार्य और सूझबूझ के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा टीआई गिरीश दुबे और उनकी टीम का चयन सम्मान के लिए किया गया।
क्या था पूरा मामला
गौरतलब है कि इंदौर से पीलूखेड़ी के लिए 72 लाख रुपये कीमत के 70 क्विंटल वजनी तांबे के तार भरकर निकला आयशर ट्रक रास्ते में पगारियाराम से अचानक वापस इंदौर की ओर मुड़ गया था। सूचना मिलते ही तत्कालीन पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा सक्रिय हुए और जांच के दौरान वाहन चालक हुकमसिंह का शव बरामद किया गया। इसके बाद टीआई गिरीश दुबे और पार्वती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या और लूट के इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों को मिला डीजीपी प्रशस्ति पत्र
शुक्रवार 27 नवंबर को भोपाल के स्वर्ण जयंती सभागार में डीजीपी द्वारा जिन सात पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, उनमें कोतवाली टीआई गिरीश दुबे, तत्कालीन पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव, आरक्षक शैलेंद्र चंद्रवंशी, सचिन कुमार, राहुल वर्मा और नितिन वर्मा शामिल हैं।
एसडीओपी दामोदर गुप्ता को रुस्तमजी पुरस्कार
इसी कड़ी में आष्टा के वर्तमान एसडीओपी दामोदर गुप्ता को भी प्रतिष्ठित केएफ रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। श्री गुप्ता को यह सम्मान ग्वालियर में अपनी पदस्थापना के दौरान 20 हजार रुपये के एक कुख्यात इनामी डकैत का आतंक समाप्त करने और अदम्य साहस दिखाने के लिए प्रदान किया गया है।

Exit mobile version