
सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले के भैरूंदा क्षेत्र में 536.23 करोड़ रुपए की लागत से बनी सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम और द्वितीय चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने बुधनी क्षेत्र के लिए 574 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है और सरकार हर कठिन समय में जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बुधनी क्षेत्र के लिए आज बड़े सौभाग्य का दिन है और बुधनी की धरती पर मां नर्मदा के आगमन से किसानों के खेत सोना उगलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ग का कल्याणए गांव.गांव में पक्की सडक़ए निरंतर बिजलीए पानी और हर हाथ को रोजगार देना सरकार का संकल्प है।
वर्चुअली जुड़े केन्द्रीय मंत्री शिवराज
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली से वर्चुअल रूप से जुड़े और उन्होंने इसे ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सीप-अंबर परियोजना से बुधनी और भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों के खेतों तक पानी पहुंचेगा और किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इस परियोजना से 76 गांवों के 30 हजार से अधिक किसान परिवार लाभान्वित होंगे। सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश स्वर्णिम प्रदेश बनने की ओर आगे बढ़ रहा है, जबकि बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
यह जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त आयोग के अध्यक्ष रवि मालवीय, अनुसूचित जनजाति वित्त निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, भैरूंदा नगर परिषद अध्यक्ष मारूती शिशिर, रघुनाथ भाटी, कलेक्टर बालागुरू के., जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, एडीएम बृजेश सक्सेना, एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे और एसडीएम सुधीर कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
परियोजना का पहला-दूसरा चरण
बता दें परियोजना के पहले चरण से 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर और दूसरे चरण से 29 गांवों की 14,807 हेक्टेयर जमीन की सिंचाई होगी, जिससे भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों के कुल 30,091 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। पहले चरण के लिए 346.12 करोड़ रुपए और दूसरे चरण के लिए 190.11 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। इनमें क्रमश: 16.57 किलोमीटर और 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। दोनों चरणों का निर्माण 36 माह में पूरा हुआ है और निर्माण एजेंसियां पांच साल तक संचालन व रखरखाव करेंगी। नर्मदा का पानी पंप हाउस से लिफ्ट कर भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे रिसाव और वाष्पीकरण कम होगा तथा किसान स्प्रिंकलर और ड्रिप प्रणाली से सिंचाई कर सकेंगे।
38.83 करोड़ के लोकार्पण और 2.61 करोड़ के भूमि पूजन
सीप-अंबर परियोजना के अलावा 38.83 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भैरूंदा में 123.20 लाख रुपए से 3 लैब व 4 अतिरिक्त कक्ष, प्रज्ज्वल बुधनी के तहत प्रस्तावित मुख्यालय सलकनपुर में 690.37 लाख रुपए से विश्रामगृह तथा हाथीघाट से पाचौर 4.50 किमी, 545.50 लाख, चादराखेड़ से प्रस्तावित नवीन कृषि उपज मंडी रेला मार्ग 4 किमी 658.34 लाख, भीमगांव मार्ग से नहर पुलिया होते हुए बालम्या कॉलोनी 3 किमी 378.43 लाख, डिमावर से अब्बाजदीद 4 किमी 589.10 लाख और इटावाखुर्द से डोंगलापानी 4.50 किमी 898.89 लाख का सडक़ निर्माण शामिल हैं।
वहीं 2.61 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमि पूजन हुआ, जिसमें प्रत्येक 18.25 लाख रुपए की लागत से 6 शासकीय प्राथमिक शाला भवन, गोपालपुर में 35.50 लाख रुपए से सामुदायिक भवन, भैरूंदा विकासखंड में शासकीय प्राथमिक शाला पिपलानी व शासकीय प्राथमिक शाला ईजीएस चकबंदी के लिए 43.26-43.26 लाख रुपए के स्कूल भवन और ग्राम बगवाड़ा में 30 लाख रुपए से 1 किलोमीटर सीसी रोड शामिल हैं।
सीएम ने कोंग्रेस पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले रात में भी बिजली नहीं मिलती थी, अब दिन में सिंचाई के लिए बिजली मिल रही है। आजादी के बाद 55 साल में सिंचाई का रकबा 7.5 लाख हेक्टेयर था, जो अब लगभग 60 लाख हेक्टेयर और पिछले ढाई साल में करीब 20 लाख हेक्टेयर बढ़ा है। प्रति व्यक्ति आय भी 11 हजार रुपए मासिक से बढक़र 1 लाख 70 हजार रुपए हुई है। उन्होंने 85 हजार शासकीय पदों पर भर्ती व आगे 2 लाख पदों पर भर्ती, लाड़ली लक्ष्मी व लाड़ली बहन योजना लगभग 60 हजार करोड़ रुपए वितरण, नारी वंदन अधिनियम, ओरछा-दतिया-कटनी-मैहर में लोक व सलकनपुर में 7 करोड़ के विश्रामगृह, कृष्ण लीला स्थलों पर तीर्थ विकास, दुग्ध उत्पादन में प्रदेश को तीसरे से पहले स्थान पर लाने, प्राकृतिक खेती, गोपालन और नीलगाय व हिरण से फसल बचाने के लिए बोमा पद्धति के प्रयोग की बात कही।