
सीहोर। गल्ला मंडी क्षेत्र में एसपी निवास के नजदीक दिनदहाड़े हुए चर्चित लईक कुरैशी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे तीन और नामजद आरोपियों को पुलिस ने राउंडअप कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। इससे पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि पांचवें और अंतिम फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
बता दें मंडी थाना पुलिस ने इस हत्याकांड में अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया है। सभी पांचों नामजद आरोपी गल्ला मंडी मस्जिद के पास सीहोर के निवासी हैं।
एक आरोपी पहले से ही गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार प्रकरण में एक आरोपी अजीज उर्फ बड्डू पिता बशीर कुरैशी उम्र 59 वर्ष निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास को 27 नवंबर को गिरफ्तार कर जिला जेल निरूद्ध किया गया है। जबकि अब सलीम पिता बशीर कुरैशी निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास, नौशाद पिता सलीम, हासिम उर्फ भैय्या पिता सलीम को राउण्ड अप कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण के आरोपी अयान पिता अजीज उर्फ बड्डू निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर गिरफ्तारी हेतु हरसंभव प्रयास जारी है।
पुराने विवाद ने लिया था खूनी रूप
यह वारदात बुधवार 25 नवंबर की शाम करीब 5.00 बजे रेस्ट हाउस रोड एसपी निवास मार्ग स्थित गल्ला मंडी क्षेत्र में हुई थी। मस्जिद के पास निवास करने वाले लईक कुरैशी पिता लतीफ कुरैशी जब अपने घर के सामने मस्जिद के पास मौजूद थे, तभी आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने लईक के साथ मारपीट की और छुरे से उनके पेट व शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल लईक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष मस्जिद पास ही रहते हैं। उनके बीच मकान निर्माण और रास्ते में गेट निकालने को लेकर लंबे समय से पुराना विवाद और रंजिश चल रही थी, जिसने बुधवार को खूनी रूप ले लिया।
परिजनों ने दिया था धरना
एसपी निवास के इतने करीब दिनदहाड़े हुई हत्या और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी न होने से शहर में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था। इसके विरोध में शुक्रवार को मृतक लईक कुरैशी के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक अपने घर के पास ही धरने पर बैठ गए थे। मृतक के पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा था कि जब तक सभी नामजद आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक उन्हें न्याय का भरोसा नहीं है। इसके अलावा परिजनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। नागरिकों ने मांग की थी कि अपराधियों में कानून का डर पैदा करने के लिए सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाए।