
भोपाल/इंदौर। देश के सबसे क्लीन शहर का ताज अपने सिर धारण करने वाले मध्यप्रदेश के इंदौर को अब सबसे स्मार्ट सिटी का तमगा भी मिल गया है। शुक्रवार को केंद्र सरकार ने इंडिया स्मार्ट सिटी अवॉर्ड 2022 की रैंकिंग जारी की। इसमें इंदौर को 7 कैटेगरी में अवॉर्ड मिले हैं। मध्यप्रदेश को बेस्ट स्टेट का अवॉर्ड मिला है। राजधानी भोपाल भी पीछे नहीं है। इसे वाटर सप्लाई सिस्टम और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने के लिए अवॉर्ड मिला है। ग्वालियर और सागर को इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के लिए अवॉर्ड मिला है। जबलपुर को 311 ऐप के लिए अवॉर्ड दिया गया है। 27 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
केंद्रीय म़ंत्री ने दी बधाई
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मप्र को बेस्ट अवॉर्ड मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यहां 7 शहरों में कई क्षेत्रों में 15,696 करोड़ की लागत से 779 प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जो लोगों की बुनियादी जरुरतों को पूरा करते हुए जिंदगी आसान बना रहे हैं।
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त हर्षिका सिंह ने भी इंदौरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी और नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि इंदौर ने आज एक बार फिर से देश में अव्वल नंबर हासिल किया है।
इंदौर इसलिए अव्वल
इंदौर को गोबर्धन सीएनजी प्लांट यानी सैनिटेशन के लिए पहला स्थान, शहरी पर्यावरण के लिए पहला स्थान, वाटर कैटेगरी में पहला स्थान, इकोनॉमी के लिए दूसरा स्थान, बिल्ड एनवायरोन्मेंट के लिए दूसरा स्थान, कोविड इनोवेशन के लिए दूसरा स्थान मिला है।
भोपाल को दो श्रेणी में अवॉर्ड
इधर राजधानी भोपाल को वाटर सप्लाई के स्कॉडा सिस्टम के लिए राष्ट्रीय ई-गर्वनेंस अवार्ड-2023 मिला है। यह पुरस्कार शुक्रवार को इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सूक्ष्म, लघु और माध्यम उद्यम मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा ने प्रदान किया। पुरस्कार भोपाल स्मार्ट सिटी की तरफ से सीईओ गौरव बेनल ने प्राप्त किया। ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने की कैटेगरी में भोपाल दूसरे स्थान पर रहा।