Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अधिकारियों और छात्रों संग किया योगाभ्यास

सीहोर। स्वस्थ जीवन और निरोगी काया के संदेश के साथ रविवार को जिले भर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जिले का मुख्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम शहर के आवासीय खेलकूद संस्थान के मैदान पर आयोजित हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में आए आम नागरिकों के साथ चटाई पर बैठकर पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ योगासन व प्राणायाम किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने मानव जीवन में योग के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा योग केवल शरीर को मोडऩे या शारीरिक व्यायाम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे शरीर, मन और आत्मा को आपस में जोडऩे का एक बेहद सशक्त माध्यम है।
मंत्री वर्मा ने उपस्थित जनसमुदाय और युवाओं से अपील की कि आज की इस अत्यधिक भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी में यदि खुद को स्वस्थ, सकारात्मक और हमेशा ऊर्जावान बनाए रखना है तो योग को केवल एक दिन का उत्सव न मानें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।
मंच और मैदान पर दिखा तालमेल
आवासीय खेलकूद संस्थान के मैदान पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतरीन समन्वय व अनुशासन देखने को मिला। एक ओर जहां मंच और मैदान के अग्रिम हिस्से में जिले के तमाम आला अधिकारी योगाभ्यास कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर खेल संस्थान के छात्र-छात्राओं ने पूरे अनुशासन के साथ योग की कठिन और अलग-अलग मुद्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलेक्टर-एसपी सहित इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम में राजस्व मंत्री के साथ-साथ जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और डीएफओ अर्चना पटेल विशेष रूप से मौजूद रहीं। इनके अलावा विभिन्न शासकीय विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
जिले भर में बही योग की त्रिवेणी
मुख्य कार्यक्रम के अलावा जिले के समस्त विकासखंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों और महाविद्यालयों में भी सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित रूप से योग करने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button