Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सगे पोते ने ही ली थी 80 साल के बुजुर्ग दादा की जान

रोक-टोक से परेशान होकर दबाया था गला, पुलिस ने 24 घंटे में किया अंधे कत्ल का पर्दाफाश

सीहोर। जिले की बिलकिसगंज थाना पुलिस ने अंधी हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात में बुजुर्ग दादा की हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उनका अपना ही सगा पोता निकला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पोते को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 06 अगस्त को ग्राम खुटियाखेड़ी में खेत पर बने मकान से 80 वर्षीय हरिनारायण वर्मा का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था। मृतक के मुंह और गले पर चोट व दबाने के निशान थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया और पुलिस टीम को त्वरित विवेचना के कड़े निर्देश दिए।
शंका के आधार पर पूछताछ में खुला राज
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही परिजनों, पड़ोसियों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और बयानों के तकनीकी विश्लेषण के दौरान मृतक के 26 वर्षीय पोते सुमित वर्मा पर पुलिस का संदेह गहराया। जब पुलिस ने सुमित से पूछताछ की तो उसके बयानों में लगातार विरोधाभास देखने को मिला। इसके बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
गला दबाकर खाट पर लिटा दिया शव
पूछताछ में आरोपी सुमित वर्मा पिता महेश वर्मा ने हत्या की वजह का खुलासा करते हुए बताया कि दादा हरिनारायण उसे उसके व्यक्तिगत मामलों में बहुत रोक-टोक करते थे और परिजनों को सब कुछ बता देने का दबाव बना रहे थे। घटना वाले दिन दादा को अकेला पाकर सुमित ने गुस्से में उनका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को खाट पर सीधा लिटाया, कमरे का दरवाजा बंद किया और बाहर निकल आया। इसके बाद वह बेखबर बनकर परिजनों के साथ दादा को ढूंढने का नाटक करता रहा।
इस मामले में एसडीओपी पूजा शर्मा के मार्गदर्शन में बिलकिसगंज थाना पुलिस ने इस अंधी हत्या की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाया। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक देवीप्रसाद सेनी, श्यामलाल वर्मा, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, तेजपाल, अशोक यादव तथा आरक्षक अरुण, संतोष, अंकित, प्रमोद एवं कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button