
सीहोर। प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भगवान श्री गणेश के दर्शन-पूजन के बाद सत्ता पक्ष और निर्वाचन आयोग के खिलाफ बड़े आंदोलन की घोषणा कर दी है। गणेश जी की चौखट पर माथा टेककर पटवारी ने हुंकार भरते हुए कहा कि राहुल गांधी ने देश के सामने चुनाव प्रणाली की जो सच्चाई रखी है, अब उस पर जनता के फैसले की बारी है। निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस अब पूरे मध्य प्रदेश की सडक़ों पर उतरकर आर-पार का संग्राम लड़ेगी।
चिंतामन गणेश मंदिर परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भाजपा और चुनाव व्यवस्था पर करारा प्रहार किया। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान को दरकिनार कर मैच फिक्सिंग वाले चुनाव कराए जा रहे हैं। पटवारी ने जनता से सवाल किया कि क्या मैच फिक्सिंग जैसी धांधली से देश का भविष्य और संविधान सुरक्षित रह सकता है, इसका जवाब अब जनता को ही तय करना होगा।
मध्य प्रदेश में चरणबद्ध तारीखें तय
चिंतामन गणेश की पावन धरा से जीतू पटवारी ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा घोषित की सोमवार को प्रदेशभर से हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ता राजधानी भोपाल पहुंचकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर का घेराव करेंगे। मंगलवार को मध्य प्रदेश के हर जिले में कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर कलेक्ट्रेट और जिला निर्वाचन कार्यालयों का घेराव करेंगे तथा प्रतीकात्मक तालाबंदी करेंगे।
देशद्रोह के मुकदमे की मांग
पटवारी ने कांग्रेस की मांग को स्पष्ट करते हुए कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इसके साथ ही चुनावी धांधली और गड़बडिय़ों के आरोप में उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाना चाहिए।