
सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में एक बार फिर नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। शिवराज सिंह चौहान के छोटे बेटे कुणाल और बहु रिद्धि माता-पिता बने हैं। रिद्धि ने बेटे को जन्म दिया है, जिसका नाम परिवार ने अहान रखा है। घर में पोते के जन्म की खबर मिलते ही शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास से लेकर उनके पैतृक गांव जैत तक खुशी की लहर दौड़ गई है।
बता दें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का गृह ग्राम बुधनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला जैत गांव है। आज भी उनका परिवार इसी गांव में निवास करता है। अपने प्रिय नेता और मामा के परिवार में पोते के आगमन की खबर मिलते ही जैत गांव में भी ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और खुशियां मनाईं।
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
पोते के जन्म पर शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि बेटे के रूप में ‘अहान’ उनके घर अपार खुशियां लेकर आया है। ईश्वर की इस असीम अनुकंपा से वे और उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान एक बार फिर दादा-दादी बनने का सौभाग्य प्राप्त कर चुके हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि नन्हे अहान की किलकारी ने पूरे घर को आनंद, उत्साह और अपार प्रेम से भर दिया है। यह उनके परिवार के लिए ईश्वर का एक अनमोल आशीर्वाद है। उन्होंने अहान के नाना संदीप जैन और नानी स्वाति जैन को भी इस शुभ अवसर पर बधाई दी।
परिवार में नए रिश्तों की शुरुआत
नन्हे अहान के आने से परिवार के रिश्तों में भी नए अध्याय जुड़ गए हैं। अहान के जन्म के साथ ही शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और बहु अमानत अब बड़े पापा और बड़ी मम्मी बन गए हैं। वहीं कार्तिकेय की नन्ही बेटी इला को छोटा भाई मिल गया है।
जनवरी में पोती इला के रूप में आई थी लाडली लक्ष्मी
इससे पहले इसी वर्ष 21 जनवरी को शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय और बहु अमानत के घर बेटी का जन्म हुआ था, जिसका नाम इला रखा गया था। उस समय पोती के जन्म पर शिवराज सिंह चौहान ने खुशी जताते हुए लिखा था हमारे घर आज लाडली लक्ष्मी आई है। अब शिव-साधना परिवार में दूसरी बार आई इस खुशखबरी से चौहान परिवार और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।