महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का कार्तिकेय और राजस्व मंत्री ने किया अनावरण

सीहोर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शहर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर शहर के पावर हाउस चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य रूप से राजस्व मंत्री कराण सिंह वर्मा और युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान शामिल होंगे, जिन्होंने संयुक्त रूप से रिबन काटकर और मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा का अनावरण किया।
प्रतिमा अनावरण के अवसर पर युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान का युवाओं ने स्वागत किया। कार्तिकेय चौहान ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज या काल के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को महाराणा प्रताप के जीवन से यह सीखना चाहिए कि विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान और देश की माटी से कभी समझौता नहीं करना चाहिए।
विपरीत परिस्थितियों में भी नहीं झुके महाराणा प्रताप
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने राष्ट्र, धर्म और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन न्योछावर कर दिया। उनका त्याग और पराक्रम अद्वितीय है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलकर ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी संबोधित किया।

निकला भव्य चल समारोह
प्रतिमा अनावरण के बाद शहर में एक विशाल और भव्य चल समारोह निकाला गया। इस चल समारोह में महाराणा प्रताप के जीवन, चेतक की वीरता और उनके ऐतिहासिक संघर्षों को दर्शाती हुई कई आकर्षक झांकियां शामिल थीं, जो पूरे शहर के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। अखाड़ों के युवाओं ने प्रदर्शन किया और पूरे मार्ग पर जय राजपूताना और वीर महाराणा प्रताप की जय के नारे गूंजते रहे।
भारी संख्या में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर विशेष रूप से मंच पर मौजूद रहे। सभी अतिथियों और नागरिकों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में पंकज गुप्ता, नारायण सिंह पटेल, नरेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, करणी सेना व राजपूत समाज के पदाधिकारी और आम नागरिक उपस्थित थे।

Exit mobile version