Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

नेता प्रतिपक्ष सिंघार बोले, अब बुधनी में बदलाव तय, जनता बीजेपी सरकार से हताश

सीहोर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मंगलवार को सलकनपुर पहुंचे। वे हरदा के कांग्रेस विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के पिता स्वर्गीय कन्हैयालाल दोगने के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने हरदा जा रहे थे। रास्ते में सलकनपुर आगमन पर बुधनी विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी और वरिष्ठ नेता विक्रम मस्ताल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सलकनपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी, जिसके बाद अब नेता प्रतिपक्ष के दौरे से बुधनी क्षेत्र के कांग्रेसियों में नया उत्साह भर गया है।
सलकनपुर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का स्वागत करने के लिए विक्रम मस्ताल के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उमंग सिंघार ने विक्रम मस्ताल के जमीनी संघर्ष की सराहना।
बुधनी की जनता ने बीजेपी से बनाई दूरी
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर जुबानी हमले बोले। उन्होंने कहा मध्य प्रदेश की जनता वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों से पूरी तरह हताश और परेशान हो चुकी है। अब बुधनी में भी बदलाव की बयार बह रही है और यह क्षेत्र अब हमारा अपना बन चुका है।
सिंघार ने उपचुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि बुधनी की समझदार जनता ने इसका स्पष्ट संदेश दे दिया है। चुनाव में क्षेत्र के लगभग 90 हजार मतदाताओं ने बीजेपी प्रत्याशी से दूरी बनाकर कांग्रेस के प्रति अपना अटूट विश्वास जताया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर क्षेत्र की जनता के हक की लड़ाई लडऩे का आह्वान किया।
शोक संवेदना जताने हरदा रवाना
सलकनपुर में कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार हरदा के लिए रवाना हो गए, जहां वे विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के निज निवास पहुंचे, जहां शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button