Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

महाजाम और बीते हादसों से सबक: कांवड़ यात्रा के लिए हाईवे पर पहली बार लगे बेरिकेड्स, कल से 3 दिन बदला रहेगा ट्रैफिक रूट

सीहोर। पंडित प्रदीप मिश्रा की अगुवाई में 25 अगस्त को सीवन घाट से कुबेरेश्वर धाम तक निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व यातायात का पुख्ता प्लान तैयार किया है। बीते वर्ष अव्यवस्था, भीषण महाजाम और हादसों में 7 श्रद्धालुओं की मौत से सबक लेते हुए इस बार स्टेट हाईवे पर पहली बार लोहे की मजबूत बेरिकेडिंग कर कांवडिय़ों के लिए अलग सुरक्षित मार्ग बनाया गया है। लाखों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, वहीं आम यात्रियों की सुविधा के लिए 23 से 25 अगस्त तक भोपाल-इंदौर हाईवे का रूट पूरी तरह डायवर्ट रहेगा।
बता दें कांवड़ यात्रा में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने पहली बार स्टेट हाईवे पर लोहे के मजबूत बेरिकेड्स लगाकर कांवडिय़ों के लिए एक अलग और सुरक्षित रूट तैयार किया है।
बेरिकेड्स के अंदर चल रहे कांवडि़ए
सावन के पूरे महीने ही देश भर से कांवडिय़ों के आने का सिलसिला सीहोर कुबेरेश्वर धाम बना हुआ है। हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सोया चौपाल से कुबेरेश्वर धाम तक मार्ग पर बेरीकेड्स लगा दिए हैं, इन बेरीकेड्स के अंदर कांवडि़ए चल रहे हैं, जबकि 24 अगस्त से यह बेरीकेडिंग हटा दिए जाएंगे और मार्ग डायवर्ट होने से पूरे मार्ग पर कांवडि़ए चल सकेंगे।
बीते साल हुए हादसों से लिया सबक
पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा और धाम के आयोजनों के दौरान अव्यवस्थाओं के कारण 7 श्रद्धालुओं की जान चली गई थी। इसमें कांवड़ यात्रा से ठीक एक दिन पहले रुद्राक्ष वितरण काउंटर पर मची भगदड़ में दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जिसके बाद अगले तीन दिनों तक मौतों का सिलसिला चलता रहा। इसके अलावा कई-कई किलोमीटर लंबा महाजाम लगा था। इस बार ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बाहर से भी अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।
23 से 25 अगस्त तक 3 दिन लागू रहेगा डायवर्शन
भोपाल से देवास-इंदौर जाने वाले: मुबारकपुर जोड़ परवलिया एवं तुमड़ा जोड़ खजूरी से डायवर्ट होकर श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा, शाजापुर और मक्सी होकर देवास-इंदौर जाएंगे।
इंदौर-देवास से भोपाल जाने वाले: मक्सी, शाजापुर, ब्यावरा, कुरावर, श्यामपुर होते हुए भोपाल पहुंचेंगे।
कन्नौद-खातेगांव क्षेत्र से: आष्टा, शुजालपुर, पचोर होते हुए ब्यावरा जाएंगे।
होशंगाबाद, रेहटी, भैरूंदा से इंदौर: गोपालपुर, कन्नौद और आष्टा मार्ग से जा सकेंगे।
छोटे व सवारी वाहनों का वैकल्पिक मार्ग
भोपाल से इंदौर/उज्जैन जाने वाले: सीहोर न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ होकर अमलाहा मार्ग से आगे निकलेंगे।
इंदौर/उज्जैन से भोपाल जाने वाले: आष्टा, अमलाहा, भाऊखेड़ी जोड़ और न्यू क्रिसेंट चौराहा होकर भोपाल पहुंचेंगे।
1200 जवानों की तैनाती
बता दें भव्य कांवड़ यात्रा की सफलता के पुलिस प्रशासन ने मेगा प्लान तैयान किया है। सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए इंदौर-भोपाल हाईवे पर 1200 पुलिस जवानों का दल तैनात रहेगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि जिले से 400 जवानों का बल, जबकि 800 जवानों का बल बाहर से बुलाया गया है। सभी जवानों को 23 अगस्त की सुबह से पाइंटों पर तैनात कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button