
सीहोर। बुधनी तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम जलाखेड़ा में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गांव की होलीपुरा ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के नए बने शिखर पर अचानक आसमानी बिजली आ गिरी, जिससे शिखर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि मंदिर परिसर में गणेश आरती की तैयारी कर रहे दर्जनों ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे। किसी को खरोंच तक नहीं आई, जिसे ग्रामीणों ने भगवान हनुमान जी का साक्षात चमत्कार माना है।
जानकारी के अनुसार जलाखेड़ा के हनुमान मंदिर परिसर में गणेशोत्सव के तहत गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। रविवार रात रोजाना की तरह शाम की महाआरती की तैयारियां की जा रही थीं। आरती में शामिल होने के लिए गांव के बुजुर्गों, महिलाओं और बड़ी संख्या में बच्चों का जमावड़ा मंदिर परिसर में लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया और तेज आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। श्रद्धालु अभी कुछ समझ पाते उससे पहले ही एक जोरदार धमाके के साथ सीधे मंदिर के नए शिखर पर आसमानी बिजली आ गिरी।
धमाके से मचा हडक़ंप
बिजली गिरते ही हुए भीषण धमाके से पूरे मंदिर परिसर में हडक़ंप मच गया। वहां मौजूद लोग और छोटे बच्चे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। हालांकि गांव के वरिष्ठ जनों और युवकों ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे के समय दर्जनों लोगों की मौजूदगी के बावजूद किसी को नुकसान न पहुंचना हर किसी के लिए अचरज और राहत की बात रही।
सोमवार को दिखा नुकसान
सोमवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो हाल ही में बने सुंदर शिखर का बड़ा हिस्सा टूटा हुआ नीचे बिखरा मिला। ग्रामीण रूपसिंह के अनुसार बिजली गिरने की घटना के बाद भी किसी इंसान को कोई चोट न आना सिर्फ और सिर्फ हनुमान जी की असीम कृपा है।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत सरपंच कमल सिंह ने तुरंत तहसील कार्यालय बुधनी को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार राकेश खजूरिया ने क्षेत्रीय पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान का जायजा लेने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रशासनिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की राहत व सहायता की कार्रवाई की जाएगी।