
सीहोर-रेहटी। अब सलकनपुर स्थित मां बिजासन धाम मंदिर का कायाकल्प भी उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर कराया जाएगा। मंदिर की भव्यता को विश्व स्तर का बनाने के लिए यहां पर सातों देवियों की लीलाओं का वर्णन होगा। इसके अलावा देश की सबसे बड़ी देवी प्रतिमा भी यहां पर स्थापित की जाएगी। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर में पर्यटन विभाग, वन विभाग, ऊर्जा विभाग, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की है। अब महाकाल लोक का निर्माण एवं डिजाइन बनाने वाले विशेषज्ञों के साथ भी बैठक करके आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुदनी विकासखंड के ग्राम खैरी, सिलगना, नीमटोन में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर में शामिल होने के बाद सलकनपुर पहुंचे। सलकनपुर स्थित हैलीपेड पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी भव्य अगवानी की। इसके बाद
सलकनपुर में चल रहे हैं विकास कार्य-
फिलहाल सलकनपुर स्थित मां बिजासन मंदिर सहित नीचे भी करोड़ों रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं। मंदिर में पार्किंग सहित भक्तों की आवाजाही के लिए विकास कार्य चल रहे हैं। धर्मशाला एवं अन्य निर्माण कार्य भी चल रहे हैं। मंदिर में मेले एवं नवरात्रि के दौरान उपर जाने वाले रास्ते पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग मार्गों का निर्माण कार्य भी कराया जाना है। इसको लेकर भी कवायद चल रही है। इसके अलावा नीचे शॉपिंग काम्पलेक्स का कार्य चल रहा है। वर्तमान में करीब 43 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य सलकनपुर में चल रहे हैं।
नेताओं-कार्यकर्ताओं ने की भव्य अगवानी-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह की सलकनपुर में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य अगवानी की। इस दौरान नेताओं, कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता, फूल-माला से उनका स्वागत किया। यहां पर कई लोगों ने मुख्यमंत्री को आवेदन भी सौंपे।