
सीहोर। माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के पावन अवसर पर शहर में भव्य चल समारोह निकाला गया। माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक आयोजन पूरी श्रद्धा, उल्लास और परंपरागत तरीके से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
उत्सव की शुरुआत स्थानीय माहेश्वरी मांगलिक भवन से हुई, जहां भगवान महेश की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद चल समारोह का शुभारंभ हुआ। चल समारोह में भगवान महेश को एक विशेष और आकर्षक रूप से सजाई गई बग्गी पर विराजमान किया गया था। जैसे ही चल समारोह आगे बढ़ाए पूरा मार्ग हर-हर महादेव और जय महेश के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। चल समारोह में समाज का अनूठा अनुशासन और रंग देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा के तहत बड़ी संख्या में समाज की महिला वर्ग पीले रंग के सुंदर वस्त्र धारण किए हुए थीं, वहीं पुरुष वर्ग सफेद वस्त्रों में नजर आया। चल समारोह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस माहेश्वरी मांगलिक भवन पहुंचा।
अभिषेक, पूजन और महाआरती के बाद बंटा प्रसाद
मांगलिक भवन में चल समारोह के समापन के बाद मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भगवान महेश का विधि-विधान से अभिषेक और पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद महाआरती उतारी गई और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन के दौरान माहेश्वरी समाज के योगेश राठी अध्यक्षए माहेश्वरी समाज, संगीता राठी अध्यक्ष महिला मंडल, महेशजी सचिव, अनीता बांगड़ सचिव, महिला मंडल, राकेश बांगड़ जिला सचिव, रानी तोषनीवाल सचिव महिला मंडल, पार्थ साबू जिला अध्यक्ष युवा संगठन सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश साबू ने चल समारोह को सफल बनाने के लिए सभी समाजजनों, युवा टीम और मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।