
सीहोर। महेश नवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में माहेश्वरी समाज द्वारा माहेश्वरी भवन पर रक्तदान एवं नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव विपुल चांडक के विशेष सहयोग और गोविंद नेत्रालय की टीम द्वारा लगाया गया। शिविर की सबसे खास बात यह रही कि मुख्य अतिथि विधायक सुदेश राय ने परंपरा से हटकर, फीता काटने के बजाय खुद रक्तदान करके शिविर का शुभारंभ किया। विधायक राय ने इस कदम के जरिए समाज को संदेश दिया कि आज के समय में रक्तदान कितनी बड़ी मानवीय आवश्यकता है।
थैलीसीमिया जैसी बीमारियों के लिए बेहद जरूरी है रक्तदान
शिविर के दौरान मौजूद अरुणा राय ने रक्तदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रक्त की कमी से जूझने वाले बच्चों और थैलीसीमिया जैसी गंभीर बीमारी का उदाहरण देते हुए समाज को समझाया कि हमारा दिया हुआ एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
उत्साह ऐसा कि जुटा 32 यूनिट रक्त
माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित इस पुनीत कार्य में सिर्फ समाज के लोगों ने ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य जागरूक समाजसेवियों ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। शिविर में पार्षद आशीष गहलौत और राजेंद्र शर्मा सहित कुल 32 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इसी परिसर में गोविंद नेत्रालय की विशेषज्ञ टीम द्वारा मरीजों का नेत्र परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श भी दिया गया।
शाम को मेघावी प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
शिविर की सफलता के बाद शाम को माहेश्वरी भवन में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश झंवर, विशेष अतिथि शांति लाल साबू, सुरेश बियानी, सरोज झंवर और सुधा लाहोटी द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों अशोक सोडाणी, प्रतिभा झंवर और सत्यभामा मंत्री की उपस्थिति में समाज के प्रतिभावान व मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से समाज का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष योगेश राठी, सचिव महेश माहेश्वरी, महिला मंडल अध्यक्ष संगीता राठी, जिला अध्यक्ष पंकज झंवर, जिला सचिव रानी तोषनीवाल और युवा मंडल अध्यक्ष पार्थ साबू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन सुरेश साबू द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और रक्तदाताओं का आभार शरद बाहेती द्वारा व्यक्त किया गया।