रेहटी में अवैध उत्खनन पर बड़ी चोट, तीन जेसीबी और एक लोडर जब्त

सीहोर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर बालागुरू के. के सख्त निर्देशों के बाद खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने रेहटी और बुधनी क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई के दौरान ग्राम डेमावर में अवैध रेत उत्खनन में लगी 03 जेसीबी मशीनें और 01 लोडर जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बुधनी और रेहटी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। शनिवार को खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने अचानक ग्राम डेमावर में दबिश दी। टीम को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। प्रशासनिक अमले ने घेराबंदी कर रेत के अवैध खेल में शामिल तीन जेसीबी मशीनों और एक लोडर को अपने कब्जे में ले लिया।
रेहटी थाने की अभिरक्षा में वाहन
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए सभी चारों वाहनों को रेहटी थाने लाकर पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कर दिया गया है। जिला खनिज अधिकारी धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि जब्त किए गए इन वाहनों के मालिकों और चालकों पर खनिज नियमों एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन के इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और सख्त जुर्माना वसूला जाएगा।
जारी रहेगी निरंतर कार्रवाई
कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और खनिज विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नर्मदा तटीय क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अवैध उत्खनन की गतिविधियों को पूरी तरह बंद कराया जाए। रेहटी पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हडक़ंप मचा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक कार्रवाई जारी रहेगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को रोका जा सके।



