राशन वितरण में धांधली पर बड़ी कार्रवाई, 16 राशन दुकानों पर कलेक्टर के निर्देश पर केस दर्ज, मचा हडक़ंप

सीहोर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को बांटे जाने वाले राशन में अनियमितता और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासकीय उचित मूल्य दुकानों के भौतिक सत्यापन में खाद्यान्न स्टॉक में भारी अंतर, समय पर राशन न मिलने की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों और दुकानें समय पर न खुलने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर जिले की 16 राशन दुकानों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है।
प्रशासन द्वारा अगस्त में जिले के अलग-अलग विकासखंडों और नगरीय क्षेत्रों की उचित मूल्य दुकानों का औचक निरीक्षण और जांच अभियान चलाया गया था। इस दौरान कई दुकानों पर स्टॉक में गड़बड़ी और खाद्यान्न वितरण में अनियमितताएं पाई गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के तहत कुल 16 दुकानों पर प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इन विकासखंडों की दुकानों पर गिरी गाज
आष्टा ब्लॉक: गोविंदपुरा, उमरदड़, बापचा बरामद तथा मार्केटिंग संस्था वार्ड नंबर 4, 5, सिद्दीकगंज और खाचरोद की उचित मूल्य दुकानें।
इछावर ब्लॉक: बरखेड़ाकुर्मी, ललियाखेड़ी एवं दौलतपुर की दुकानें।
बुधनी ब्लॉक: खेरीसिलगेना, खिडिय़ाकुर्मी, नानभेंट, रतनपुर एवं चिकली की दुकानें।
भैरूंंदा ब्लॉक: मांजीखेड़ी एवं चींच की दुकानें।
पात्र हितग्राहियों को राशन दिलाना प्राथमिकता
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप उचित मूल्य दुकानों पर राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखना और पात्र हितग्राहियों को समय पर तय मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। गड़बड़ी करने वाले दुकान संचालकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



