देलावाड़ी मार्ग पर भीषण दुर्घटना, अज्ञात वाहन की टक्कर से भोपाल के दंपती की मौके पर ही मौत

ढाबों और चेकपोस्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सीहोर। रेहटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देलावाड़ी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार भोपाल के पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार मृतक दंपती की पहचान भोपाल के भारतीय निकेतन निवासी आशुतोष दीक्षित और उनकी पत्नी ज्योति ठाकुर के रूप में हुई है। दोपहर में आशुतोष दीक्षित अपनी पत्नी ज्योति के साथ स्कूटी पर सवार होकर देलावाड़ी मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान देलावाड़ी के समीप एक अज्ञात और अनियंत्रित वाहन ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा –
भीषण हादसे की सूचना मिलते ही रेहटी थाना पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी भोपाल स्थित उनके निवास पर परिजनों को दे दी गई है। अचानक आए इस दुखद समाचार से मृतक दंपती के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस –
हादसे के बाद रेहटी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटनास्थल के आसपास स्थित ढाबों, दुकानों और नजदीकी चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके। फिलहाल रेहटी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version