Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

मंत्री पटेल ने नर्मदा गुंजारी घाट पर रिटेनिंग वॉल का किया निरीक्षण, तटों पर पौधारोपण के दिए निर्देश

घाट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, बोले- जनभागीदारी से ही संभव है नर्मदा संरक्षण

सीहोर। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को बुधनी जनपद के ग्राम जोशीपुर स्थित गुंजारी नर्मदा संगम घाट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नर्मदा नदी के तट पर मिट्टी के कटाव को रोकने के उद्देश्य से बनाई गई रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) का बारीकी से निरीक्षण किया। मंत्री श्री पटेल ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से इस दीवार के निर्माण, इसकी उपयोगिता और आगामी मानसून के दौरान जलस्तर बढऩे पर होने वाले प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पवित्र नर्मदा नदी के तटों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों के भरोसे संभव नहीं है, इसके लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नदी के किनारों पर पेड़-पौधे बढ़ाना बहुत आवश्यक है। इससे न केवल मिट्टी का कटाव कम होगा, बल्कि हमारे जल स्रोतों का संरक्षण भी बेहतर और प्राकृतिक तरीके से हो सकेगा।
व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने के निर्देश
मंत्री श्री पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गुंजारी घाट और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराया जाए। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि पौधों का चयन स्थानीय जलवायु और परिस्थितियों के अनुकूल होना चाहिए, ताकि वे तेजी से पनप सकें। इसके साथ ही उन्होंने रोपे गए पौधों की नियमित देखरेख और सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी कड़े निर्देश दिए।
नदियों और पर्यावरण का संरक्षण सरकार की पहली प्राथमिकता
संबोधन में उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार नदियों, पारंपरिक जल स्रोतों और पर्यावरण के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जल गंगा संवर्धन अभियान का असली उद्देश्य केवल नई जल संरचनाओं का निर्माण करना नहीं है, बल्कि समाज के भीतर जल संरक्षण की आदत डालना और प्रकृति के प्रति हर नागरिक में जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना भी है।
प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
गुंजारी नर्मदा संगम घाट पर पहुंचने के बाद मंत्री श्री पटेल ने पूरे विधि-विधान से मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button