Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

विधायक भार्गव बोले, आमजन को कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना ही हमारी प्राथमिकता

बुधनी में लगा जन विश्वास शिविर, सफाई मित्रों का किया सम्मान

सीहोर। क्षेत्र के नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के संकल्प के साथ बुधनी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव के मुख्य आतिथ्य, कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा निराकरण किया गया।

इस दौरान विधायक रमाकांत भार्गव ने प्रमुखता से मोर्चा संभालते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। शिविर में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मूल उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे आम जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
विधायक भार्गव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे नागरिकों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से लें और तय समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
सफाई सेवकों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान हाल ही में स्वच्छता सर्वेक्षण में बुधनी नगर द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा और प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विशेष जश्न मनाया गया। विधायक रमाकांत भार्गव, कलेक्टर बालागुरू के. और अन्य अतिथियों ने नगर के सभी नागरिकों को इस गौरवशाली उपलब्धि पर बधाई दी। इस सफलता में अहम योगदान देने वाले सफाई मित्रों और सफाई सेवकों को मंच पर शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। विधायक भार्गव ने कहा कि यह उपलब्धि हमारे सफाई सेवकों की कड़ी मेहनत, समर्पण और बुधनी के सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है।
कलेक्टर ने दी महत्वपूर्ण जानकारियां
कलेक्टर बालागुरू के. ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान युग सूचना का युग है। जितनी अधिक जागरूकता होगी, लोग शासन की योजनाओं का उतना ही अधिक लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं और पात्र योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कई लाभार्थियों (प्रकाश चंद्र, कुमकुम जाटव, सत्यम साहू आदि) ने शासन की योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर बुधनी जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता मालवीय, स्वच्छता एंबेसडर अर्जुन मालवीय, बुधनी एसडीएम संजीव नागू, जनपद सीईओ सुप्रिया और सीएमओ डॉ. प्रशांत जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button