एमपी ईएसबी ने निकाली ग्रुप-5 भर्ती, स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल के 373 पदों पर अवसर, आज से आवेदन शुरू

सीहोर। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने स्वास्थ्य विभाग में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए खुशखबरी दी है। मंडल ने ग्रुप-5 संयुक्त भर्ती परीक्षा.2026 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके माध्यम से प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य तकनीकी पदों के 373 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की खिडक़ी आज 16 मार्च से खुल गई है। इच्छुक उम्मीदवार 30 मार्च तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। यदि आवेदन में कोई गलती हो जाती है तो उसमें सुधार 4 अप्रैल तक किया जा सकेगा। चयन मंडल ने परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है, ऑनलाइन परीक्षाएं 15 अप्रैल से प्रारंभ होंगी।
इन पदों पर होगी सीधी भर्ती
इस संयुक्त भर्ती परीक्षा के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण पदों को भरा जाना है। इसमें प्रमुख रूप से स्टाफ नर्स और फार्मासिस्टलैब अटेंडेंट और लैब टेक्नीशियन रेडियोग्राफर, डेंटल और डायलिसिस टेक्नीशियन निश्चेतना टेक्नीशियन और टेक्निकल असिस्टेंट शामिल हैं।
परीक्षा का स्वरूप और चयन प्रक्रिया
भर्ती परीक्षा ऑनलाइन मोड में 100 अंकों की होगी। प्रश्नपत्र को दो भागों में बांटा गया है।
सामान्य भाग 25 अंक: इसमें सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और अभिरुचि के प्रश्न होंगे।
तकनीकी भाग 75 अंक: यह पूरी तरह उम्मीदवार के संबंधित विषय पर आधारित होगा। चूंकि परीक्षा कई शिफ्टों में होगी, इसलिए परिणाम तैयार करने के लिए नॉर्मलाइजेशन पद्धति का उपयोग किया जाएगा।
योग्यता और नियम
पैरामेडिकल पदों के लिए उम्मीदवार का 12वीं फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी पास होना अनिवार्य है। साथ ही संबंधित फील्ड में डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। फार्मासिस्ट जैसे पदों के लिए मध्यप्रदेश फार्मेसी काउंसिल में जीवित पंजीयन होना भी आवश्यक है।
वर्गवार पदों की स्थिति
अनारक्षित 139
अन्य पिछड़ा वर्ग 92
अनुसूचित जनजाति 69
अनुसूचित जाति 39
ईडब्ल्यूएस 34
कुल पद 373
महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन प्रारंभ: 16 मार्च
अंतिम तिथि: 30 मार्च
संशोधन की तिथि: 04 अप्रैल
परीक्षा प्रारंभ: 15 अप्रैल



