
सीहोर। शहर के अधोसंरचना विकास को एक नई और मजबूत गति देते हुए नगर पालिका परिषद ने 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित सीसी रोड परियोजना का विधिवत भूमि पूजन किया। यह आधुनिक सीसी रोड नदी चौराहा से लिसा टॉकीज होते हुए पांच भाई चौराहा से प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर तक बनाई जाएगी। इस निर्माण कार्य के पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी जर्जर सडक़ की समस्या से स्थायी समाधान मिलेगा और आवागमन पूरी तरह सुगम व सुरक्षित हो जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका परिषद का एकमात्र संकल्प शहर के प्रत्येक कोने में उच्च गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य कराना है। सडक़, नाली, शुद्ध पेयजल और अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना हमारी पहली प्राथमिकता में शामिल है। हम शहर की जनता की उम्मीदों और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप सभी जनहित के कार्यों को पूरी पारदर्शिता और तेजी से पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर को आधुनिक, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लगातार काम किए जा रहे हैं। हमारी परिषद का यह प्रयास है कि शहर का कोई भी वार्ड या क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे न छूटे।
शहर लगातार लिख रहा विकास की नई इबारत
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा ने भी अपने संबोधन में इस सडक़ निर्माण को क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने नगर पालिका परिषद और नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा शहर में कराए जा रहे चौमुखी विकास कार्यों की जमकर सराहना की। जसपाल अरोरा ने कहा कि इस व्यस्त मार्ग के बनने से हजारों नागरिकों और श्रद्धालुओं को वर्षों पुरानी समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड 29 के पार्षद प्रतिनिधि सत्यनारायण वारिया, पार्षद विजेंद्र परमार, मांगीलाल मालवीय, पार्षद राजेश मांझी और लोकेन्द्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, नपा के अधिकारी उपस्थित रहे।