नपा परिषद की बैठक में 37 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लगी मुहर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

सीहोर। नगर पालिका परिषद की बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े 37 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से हरी झंडी दे दी गई। नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों, सडक़ निर्माण, सौंदर्यकरण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अहम फैसले लिए गए। इसके साथ ही दो प्रमुख स्थानों के नामकरण का बड़ा निर्णय लिया गया।
परिषद की बैठक के दौरान लिए निर्णय नगर पालिका ऑडिटोरियम का नामकरण अब स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम शहीद वीर शिरोमणि चैन सिंह के नाम पर होगा। इसी साथ ही शहर के प्रसिद्ध बाल विहार ग्राउंड का नाम अब समाज के लिए अतुलनीय योगदान देने वाले स्वर्गीय दादाभाई शिवलाल सिंह चौहान के नाम पर किया गया है।
करोड़ों के निर्माण कार्यों को वित्तीय स्वीकृति
बैठक के दौरान भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक सीसी रोड और शुगर फैक्ट्री चौराहा से लूनिया चौराहा तक सीसी रोड, डिवाइडर व पोल कार्य के पुनरीक्षित प्राक्कलन को स्वीकृति। शुगर फैक्ट्री चौराहा से तहसील चौराहा तक सीसी रोड, डिवाइडर व लाइट पोल का निर्माण। मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना योजना के तहत वार्ड 28 में संघ कार्यालय के सामने नदी चौराहा पर महिला मार्केट निर्माण की निविदा प्रक्रिया पर विचार। वार्ड 14 फॉरेस्ट कॉलोनी के पास नवीन अंबेडकर मंगल भवन के निर्माण को मिली मंजूरी।
विरासत का सम्मान और शहर का विकास हमारी जिम्मेदारी
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बैठक के बाद कहा शहर का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में पारित 37 निर्णय आने वाले समय में शहर की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेंगे। सडक़ों के चौड़ीकरण और नए भवनों के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देना भी हमारी प्रतिबद्धता है। हमारी परिषद जनहित और सीहोर की पहचान को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Exit mobile version