Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

‘लव जिहाद की मटकी फोड़’ पर मुस्लिम समाज ने जताई आपत्ति, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सीहोर। आगामी 6 सितंबर को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले एक मटकी फोड़ कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में लव जिहाद की मटकी फोड़ जैसे विषय को शामिल किए जाने की खबर सामने आने के बाद मुस्लिम समुदाय ने इस पर आपत्ति जताई है। गुरुवार को मज्जू खान के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और शहर में शांति व सामाजिक भाईचारा बनाए रखने की गुहार लगाई।
ज्ञापन का वाचन करते हुए मज्जू खान ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि प्रस्तावित मटकी फोड़ कार्यक्रम में ऐसे विषय और भाषा का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है, जिससे मुस्लिम समाज के प्रति भ्रामक और आपत्तिजनक बातें फैल सकती हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज किसी भी वर्ग या धर्म के धार्मिक आयोजन का विरोध नहीं करता है। समाज को आपत्ति केवल ऐसी विषय-वस्तु और भाषा से है, जिससे किसी धर्म की भावनाएं आहत हों या शहर का माहौल खराब हो।
प्रशासन से जांच और अनुमति निरस्त करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से मांग की कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए। साथ ही कार्यक्रम के आयोजकों को दी गई अनुमति और प्रस्तावित गतिविधियों का भी पुन: परीक्षण किया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि यदि जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि इस आयोजन से शहर का सामाजिक ताना-बाना और शांति प्रभावित हो सकती है तो कार्यक्रम की अनुमति तत्काल निरस्त की जाए।
शांति और आपसी भाईचारे की अपील
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सीहोर शहर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। यहां सभी धार्मिक त्यौहार शांतिपूर्ण और मर्यादित ढंग से मनाए जाते रहे हैं। उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संगठन का विरोध करना नहीं, बल्कि शहर के शांत माहौल को बनाए रखना है। इस दौरान मुस्लिम समाज के कई प्रबुद्धजन और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button