
सीहोर। ग्राम ढाबला केलवाड़ी में आयोजित 2.32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण समारोह के दौरान भाजपा का अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आ गया। कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने मंच पर ही अपनी उपेक्षा को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। मेवाड़ा लोकार्पण पटल पर अपना नाम न होने और कार्यक्रम की आधिकारिक सूचना तक नहीं मिलने से बेहद क्षुब्ध नजर आए।
समारोह के दौरान उपस्थितजनों के बीच अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि वे स्वयं बिलकिसगंज के मूल निवासी हैं और जिस ढाबला केलवाड़ी में उपकेंद्र बना है, वहां उनकी मौसी का घर है। इसके बावजूद उन्हें इस महत्वपूर्ण शासकीय कार्यक्रम की न तो कोई औपचारिक जानकारी दी गई और न ही लोकार्पण पटल पर उनका नाम शामिल किया गया। मेवाड़ा ने साफ कहा कि वे किसी आधिकारिक निमंत्रण से नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा द्वारा व्यक्तिगत रूप से फोन कर बुलाए जाने पर यहां पहुंचे हैं।
मंत्री वर्मा ने किया लोकार्पण
बता दें सीहोर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में ग्राम ढाबला में 2.32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने किया। बिलकिसगंज वितरण केन्द्र के अंतर्गत निर्मित इस उपकेंद्र को 24 सितम्बर को ऊर्जीकृत किया गया है। उपकेंद्र से तीन 11 केवी फीडर प्रारंभ किए गए हैं, जिसमें एक घरेलू तथा दो कृषि पंप फीडर शामिल हैं।
नवीन उपकेंद्र से रामखेड़ी, ढाबला, हीरापुर, पीपलनेर, किशनपुरा, नापली, चैनपुरा एवं सिकंदरगंज सहित आसपास के गांवों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उपकेंद्र के प्रारंभ होने से घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।
समारोह के दौरान नवीन 33/11 केवी उपकेंद्र ढाबला को प्राप्त आईएसओ प्रमाण-पत्र राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने सीहोर वृत्त की महाप्रबंधक पूनम तुमराम को प्रदान किया। इस अवसर पर विद्युत कंपनी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।