
सीहोर। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की राह देख रहे नर्सिंग उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 2646 नियमित पदों पर भर्ती के लिए संयुक्त परीक्षा-2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस संयुक्त भर्ती परीक्षा के माध्यम से कुल 2646 रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिनमें …
नर्सिंग ऑफिसर (सरकारी अस्पताल): 1256 पद
नर्सिंग ऑफिसर (मेडिकल कॉलेज): 954 पद
सिस्टर ट्यूटर: 218 पद
ये सभी पद तृतीय श्रेणी के अंतर्गत आते हैं। नर्सिंग ऑफिसर को लेवल-7 (वेतनमान 28700) और सिस्टर ट्यूटर को लेवल-9 (वेतनमान 36200) के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
आवेदन की तारीख
इच्छुक उम्मीदवार 6 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में त्रुटि सुधार की सुविधा भी नियत समय तक उपलब्ध रहेगी। इस परीक्षा का आयोजन 15 मई 2026 से शुरू होगा, जो दो शिफ्टों सुबह 10 से 12 और दोपहर 3 से 5 बजे में आयोजित की जाएगी।
योग्यता और आवेदन शुल्क
अनिवार्य शर्तें: उम्मीदवार का आधार पंजीयन और मध्य प्रदेश रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन होना अनिवार्य है।
सामान्य वर्ग: 500 आवेदन शुल्क।
एससी/एसटी/ओबीसी/दिव्यांग (मप्र मूल निवासी): 250 शुल्क।
पोर्टल चार्ज: कियोस्क के माध्यम से 60 रुपए और स्वयं लॉगिन करने पर 20 रुपए अतिरिक्त देय होगा। बैकलॉग पदों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कैसा होगा परीक्षा का पैटर्न
चयन पूरी तरह से लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसे हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा…
सामान्य विषय (25 अंक): सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित और विज्ञान।
नर्सिंग विषय (75 अंक): उम्मीदवार के विषय से संबंधित प्रश्न।
न्यूनतम योग्यता अंक: सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है। लिखित परीक्षा में सफल होने के बाद विभाग द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम नियुक्ति दी जाएगी।