न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का समापन, प्रधान जिला न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को किया रवाना

सीहोर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 14 से 19 नवंबर तक चले न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का समापन हो गया। समापन के मौके पर जिला न्यायालय परिसर से जागरूकता बाइक रैली निकाली गई, जिसे प्रधान जिला न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर लगाई गई विधिक जागरूकता प्रदर्शनी के जरिए लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनुराग सिंह कुशवाह ने कहा कि न्यायोत्सव का मुख्य उद्देश्य न्याय तक पहुंच सबके लिए, का संदेश हर नागरिक तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इस पूरे सप्ताह समाज के हर वर्गए खासकर जरूरतमंद, वंचित और कमजोर तबके के लोगों को कानूनी सहायता और योजनाओं से जोडऩे के लिए अलग-अलग कार्यक्रम किए गए। दोनों अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे जरूरत पडऩे पर विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।

प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक से किया जागरुक
कार्यक्रम की शुरुआत जिला न्यायालय परिसर में लगी विधिक जागरूकता प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुई, जिसका फीता प्रधान जिला न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने काटा। प्रदर्शनी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और अनुसूचित जनजाति विभाग ने भी अपने स्टॉल व बैनर लगाए, जिनके माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। लोगों को पंपलेट बांटकर उनके कानूनी अधिकारों के बारे में बताया गया। इस दौरान राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान के विद्यार्थियों ने जानें अपने अधिकार विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद जिला न्यायाधीश और सचिव अनुराग सिंह कुशवाह की मुख्य मौजूदगी में ग्राम पंचायत जमोनिया तालाब में भी विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी बाइक रैली
समापन अवसर पर निकाली गई बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से शुरू होकर टाउन हॉल, बस स्टैंड, गंगा आश्रम, अस्पताल चौराहा, लीसा टॉकीज, मेन मार्केट, कोतवाली चौराहा और इंग्लिशपुरा से होते हुए भोपाल नाके के रास्ते वापस जिला न्यायालय परिसर पहुंची। रैली के साथ एक प्रचार रथ भी चल रहा था। रैली में शामिल लोगों ने तख्तियां लेकर, पंपलेट बांटकर और लोगों से सीधे बातचीत करके नि:शुल्क कानूनी सहायता, कानूनी अधिकारों और विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे लोग
गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में लोगों को कानून के प्रति जागरूक करने, विधिक सेवा योजनाओं का प्रचार करने और कमजोर वर्गों तक न्याय की पहुंच आसान बनाने के लिए यह सप्ताह मनाया गया। इस समापन कार्यक्रम में सभी न्यायाधीश, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, पुलिस अधिकारी, न्यायालय व विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, पैरालीगल वॉलंटियर्सए पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, एनजीओ प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



